मुंबई| महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बागी उम्मीदवारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस ने अब तक कुल 28 बागी उम्मीदवारों को निलंबित कर दिया है। ये नेता आगामी विधानसभा चुनावों में महाविकास अघाडी (एमवीए) गठबंधन के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। इसलिए पार्टी ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी (शरद पवार) शामिल है। कांग्रेस आलाकमान ने जिन प्रमुख नेताओं पर एक्शन लिया है उनमें पूर्व मंत्री राजेंद्र मुलक (रामटेक सीट), याज्ञवल्क जिचकर (कटोल सीट), कमल व्यवहारे (कसबा सीट), मनोज शिंदे (कोपरी पचपखाड़ी सीट) और आबा बागुल (पार्वती सीट) शामिल हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी रमेश चेन्निथला ने साफ कहा है कि आधिकारिक एमवीए उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले सभी पार्टी विद्रोहियों को छह साल के निलंबन का सामना करना पड़ेगा। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं, जिसके नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। सत्ता के लिए मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ महायुति और एमवीए के बीच है। महायुति गठबंधन में बीजेपी, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और एनसीपी (अजित पवार) शामिल है।


