नई दिल्ली| दिल्ली के रोहिणी स्थित प्रशांत विहार इलाके में सोमवार को धमाके की तेज आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह धमाका केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के स्कूल की दीवार के पास हुआ। धमाके के तुरंत बाद धुएं का एक बड़ा गुबार देखा गया, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए। रोहिणी के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि धमाके की असल वजह का पता लगाने के लिए एक्सपर्ट्स को बुलाया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस प्रकार का था और इसका स्रोत क्या है। डीसीपी ने कहा कि विशेषज्ञ टीम घटना की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी। दिल्ली पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को मौके पर बुलाया है। एफएसएल की टीम धमाके के कारणों की जांच करेगी और यह स्पष्ट करेगी कि यह किसी प्रकार का हमला है या फिर कोई दुर्घटना। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और जांच में सहयोग कर रही है। सूत्रों के अनुसार, धमाके की वजह से आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए हैं। कुछ घरों के शीशे टूटने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि धमाका कैसे हुआ इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग की आशंका के चलते फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल इलाके को घेर लिया गया है और जांच जारी है।
रोहिणी ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट पर दिल्ली, जांच में उतरी एनआईए, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली| दिल्ली के रोहिणी स्थित सीआरपीएफ स्कूल के पास हुए धमाके ने हड़कंप मचा दिया है। इस घटना की जांच में एनआईए, एनएसजी और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल जुट गई है। घटनास्थल से मिले कुछ सबूतों से बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। यहां जांच एजेसियों को एक अजीब सा सफ़ेद पाउडर मिला है जिसकी जांच की जा रही है। दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और बड़े बाजारों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस को रोहिणी जिले के प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के बाहर धमाके की खबर मिली थी। सुबह करीब 7:50 बजे दमकल विभाग को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद दो दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया था। धमाके के कारण सीआरपीएफ स्कूल की दीवार गिर गई थी। टीम लगातार इलाके में तलाशी अभियान चला रही है। यहां लगे सीसीटीवी कैमरा की जांच भी की जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के बाहर धमाके की आवाज के साथ धुँआ देखा गया था। धमाके की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। मौके पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारी भी मौजूद हैं।
जहां धमाका हुआ वहां आसपास खड़ी गाड़ियों और घरों के शीशे तक टूट गए। गनीमत रही कि, कोई भी इस धमाके के कारण चोटिल नहीं हुआ। दिल्ली पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची है। सीआरपीएफ स्कूल के पास कई दुकानें भी हैं। आशंका जताई जा रही है कि, किसी दुकान में रखे सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ है। अभी तक किसी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियों के अधिकारी भी अभी इस मामले में कोई बयान नहीं दे रहे हैं। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, ‘आज सुबह 07:47 बजे पीसीआर कॉल मिली जिसमें कॉलर ने बताया कि रोहिणी सेक्टर 14 के सीआरपीएफ स्कूल के पास तेज आवाज में धमाका हुआ है। एसएचओ/पीवी और स्टाफ मौके पर पहुंचे, जहां स्कूल की दीवार क्षतिग्रस्त पाई गई और दुर्गंध आ रही थी। पास की एक दुकान के शीशे और दुकान के पास खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त थी। कोई हताहत नहीं हुआ। क्राइम टीम, एफएसएल टीम और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर है। धमाके के कारणों की जांच की जा रही है।’


