नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि खादी की बिक्री में 400 फीसदी की वृद्धि हुई है और खादी ग्रामोद्योग का कारोबार पहली बार डेढ़ लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। आकाशवाणी पर प्रसारित अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 112वीं कड़ी में मोदी ने देशवासियों से खादी के कपड़े खरीदने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए आनंद महसूस हो रहा है कि खादी ग्रामोद्योग का कारोबार पहली बार डेढ़ लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। सोचिए, डेढ़ लाख करोड़ रुपये! और जानते हैं, खादी की बिक्री कितनी बढ़ी है? 400 प्रतिशत।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि खादी और हैंडलूम उत्पादों की बढ़ती ब्रिक्री देश में रोजगार के नये अवसर भी पैदा कर रही है और चूंकि, इससे महिलाएं सबसे ज्यादा जुड़ी हैं, तो सबसे ज्यादा फायदा भी उन्हीं को हो रहा है। अगस्त के महीने को आजादी का महीना करार देते हुए मोदी ने कहा कि लोगों के पास भांति-भांति के वस्त्र होंगे, लेकिन अभी तक उन्होंने यदि खादी के वस्त्र नहीं खरीदे हैं, तो वे इस साल से ही इनकी खरीदारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा, ‘‘अगस्त का महीना आ गया है। यह आजादी मिलने का महीना है, क्रांति का महीना है। इससे बढ़िया अवसर और क्या होगा खादी खरीदने के लिए।’’
‘मन की बात’ की इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने मादक पदार्थों के सेवन से जुड़ी चिंताओं पर भी बात की। उन्होंने लोगों से भारत को नशा मुक्त बनाने की अपील की। मोदी ने कहा कि नशे की लत के शिकार लोगों की मदद के लिए सरकार ने ‘मानस’ नामक अभियान की शुरुआत की है, जो मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में बहुत बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही ‘मानस’ की हेल्पलाइन और पोर्टल को लॉन्च किया गया था और सरकार ने एक टोल फ्री नंबर 1933 भी जारी किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पर कॉल करके कोई भी जरूरी सलाह ले सकता है या फिर पुनर्वास से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकता है। उन्होंने लोगों से मादक पदार्थों से जुड़ी जानकारी इस नंबर पर साझा करने का आग्रह भी किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भारत को मिली सफलता का जिक्र किया और इस स्पर्धा में भारत का नाम रौशन करने वाले छात्रों से संवाद भी किया। उन्होंने पेरिस ओलंपिक की भी चर्चा की और देशवासियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया।
अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में देश का नाम रोशन करने वाले छात्रों से पीएम मोदी ने की बात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में देश का नाम रोशन करने वाले छात्रों से रविवार को बात की और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इनकी सफलता से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी। पीएम मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में देश को गणित ओलंपियाड में पदक दिलाने वाले पुणे के आदित्य वेंकट गणेश, पुणे के ही सिद्धार्थ चोपड़ा, दिल्ली के अर्जुन गुप्ता, ग्रेटर नोएडा के कनव तलवार, मुंबई के रुशील माथुर और गुवाहाटी के आनंदो भादुरी से बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी दुनिया भर में पेरिस ओलंपिक की चर्चा है, लेकिन इससे अलग गणित की दुनिया में भी कुछ दिन पहले एक ओलंपियाड हुआ था और इसमें भारतीय छात्रों ने देश का नाम रोशन किया है। भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। इसमें 100 से ज्यादा देशों के युवा हिस्सा लेते हैं और अंक तालिका में भारत की टीम शीर्ष पांच में स्थान बनाने में सफल रही। पीएम मोदी ने इन सभी छात्रों के साथ बारी-बारी से बात की। छात्रों ने ओलंपियाड को लेकर अपने-अपने अनुभव प्रधानमंत्री तथा देश के साथ साझा किये। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने इन छात्रों को मन की बात कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा , “ साथियो, आज ‘मन की बात’ में मैंने इन युवा विजेताओं को विशेष तौर पर आमंत्रित किया है। ये सभी इस समय फोन पर हमारे साथ जुड़े हुए हैं।” इसके बाद उन्होंने इन सभी छात्रों के अनुभव सुनें। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गणित के इन युवा महारथियों को सुनने के बाद, दूसरे युवाओं को गणित के विषय में रूचि होगी और उन्हें प्रेरणा मिलेगी। मोदी ने छात्रों की प्रशंसा करते हुए कहा, “आप सभी ने देश का नाम बढ़ाया है और आप सबको बहुत बहुत शुभकामनाएं।”
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में कर दी एमपी की तारीफ
इंदौर| देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में इंदौर की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि मैंने पिछले मन की बात कार्यक्रम के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम के कार्यक्रम पर चर्चा की थी। जिसको लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया गया था। स्वच्छता में अपनी पहचान बनाने वाले इंदौर में एक शानदार कार्यक्रम हुआ था। जहां एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के दौरान एक दिन में लाखों पौधे लगाए गए। आगे पीएम मोदी ने कहा कि यहां एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में एक ही दिन में और एक ही वक्त में लाखों पौधे लगाए। इससे लोगों को अच्छा संदेश गया है। पीएम मोदी ने नागरिकों से फिर से अपील की है कि अपनी मां के नाम पेड़ लगाने के इस अभियान से देश के नागिरक जुड़ें। इसके साथ ही पौधा लगाने की सेल्फी सोशल मीडिया पर पोस्ट करें। ताकि देश के लोग इससे प्रेरित होकर अभियान में हिस्सा ले सकें।
11 लाख पौधे लगाकर गिनिज बुक ऑफ रिकॉर्ड दर्ज हुआ था नाम
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में 24 घंटे में 11 लाख पौधे लगाकर गिनिज बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। इंदौर में 14 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी एक पौधा रोपा था।
एमपी के सासंद-मंत्री ले रहे हिस्सा
सीएम मोहन यादव सहित उनका मंत्रिमंडल, विधायक, सांसद और सभी जन प्रतिनिधि इस वृहद कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिक, आला-अफसर और देश नौजवान युवा भी एक पेड़ मां के नाम अभियान में हिस्सा ले रहे हैं।


