जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक गैस टैंकर में आग लगने के बाद उसके फैल जाने से 8 लोगों की मौत हो गई और 37 लोग झुलस गये। अजमेर रोड स्थित भांकरोटा के पास एक पेट्रोल पंप के समीप एक एलपीजी गैस से भरे टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई और धमाका भी हुआ। इस दौरान आस पास के कई वाहन भी आग की चपेट में आ गये। मौके पर अफरातफरी मच गई और क्षेत्र में दहशत फैल गई। चिकित्सा सचिव अम्बरीष कुमार के अनुसार हादसे में झुलसे 39 लोगों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में लाया गया। इनमें 8 लोगों की मौत हो गई और 37घायलों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घायलों में आधे लोग गंभीर रुप से झुलसे हुए हैं। घायलों की पहचान करके उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। उन्होंने बताया कि एक नया वार्ड तैयार किया गया था उसमें भी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
हादसे का पता चलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एसएमएस अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने घायलों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। सीएम शर्मा घटनास्थल का भी निरीक्षण करने मौके पर पहुंच रहे हैं। राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने घटना पर गहरा शोक जताया हैं। बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शाेक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हादसे के बाद वाहनों एवं अन्य में लगी आग को बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों के बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी राज्य सरकार
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार जयपुर में हुए एलपीजी टैंकर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। अथाह शोक की इस घड़ी में हमारी सरकार द्वारा मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके अतिरिक्त, घायलों के समुचित और त्वरित उपचार को सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।’’
प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति ने भी हादसे में लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हादसे के बारे में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बात कर जानकारी ली। मुख्यमंत्री शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा तथा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम घटनास्थल पहुंचे। राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘जयपुर में सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु प्रार्थना करती हूं। उनके परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं! मेरी प्रार्थना है कि घायल हुए लोग शीघ्र ही स्वस्थ हों।’’ खींवसर ने संवाददाताओं को बताया कि अस्पताल लाए गए घायलों में से करीब आधे की हालत बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति को संभालने के लिए सभी चिकित्सकों, रेजिडेंट चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को बुलाया गया। मरीजों के उपचार के लिए एक और वार्ड खोला गया है। कुछ लोगों को नजदीकी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार दिया गया है।’’


