बोगियों में धुआं भरने से अचानक ट्रेन से कूदने लगे भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के यात्री

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश विदिशा

विदिशा| भाेपाल से चलकर जोधपुर की ओर जा रही जोधपुर ट्रेन के एक अतिरिक्त कोच में गुरूवार की शाम को अचानक आग लग जाने से ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। जैसे ही ट्रेन की रफ्तार कम हुई तो कई यात्री चलती ट्रेन से कूद गए। हालांकि इस दौरान काेई हादसा नहीं हुआ। ट्रेन में मौजूद पायलट सुरेन्द्र कुमार और गार्ड देवव्रत कटारे और अन्य कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से करीब आधे घंटे के अंदर आग पर काबू पा लिया। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो सकी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ब्रेक शू गर्म होने के कारण आग लगी थी।

सड़क पर खड़े आदमी ने देखा धुआं
प्रत्यक्षदर्शी रामनाथ सिंह राजपूत ने बताया कि वह बैंक के बाहर खड़े थे, उसी दौरान भोपाल-जोधपुर ट्रेन सामने से निकल रही थी, उनकी नजर इंजन के ठीक पीछे वाले कोच पर पड़ी जिसमें पहियों के पास से आग की लपटें निकल रही थीं। रामनाथ ने बगैर देर किए दौड़ लगाकर यात्रियों को आग लगने की सूचना दी। आसपास खड़े कई लोग सक्रिय हो गए और ट्रेन की बोगी में आग लगी है आवाज लगाने लगे। जिसके चलते ट्रेन के सभी बोगियों से यात्री गेटों पर पहुंचकर आग देखने लगे।

35 मिनट तक रुकी ट्रेन
इधर ड्रायवर तक सूचना पहुंचते ही ट्रेन काे भी रोक दिया गया और ट्रेन के ड्रायवर,गार्ड आदि ने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू किया। स्थानीय स्तर पर भी उन्हें दो अग्निशमन यंत्र उपलब्ध करा दिए गए थे। स्टेशन प्रबंधक सीबी दीक्षित का कहना है कि करीब 35 मिनट बाद ट्रेन काे रवाना कर दिया था।

बोगियों में भर गया था धुंआ
भोपाल से ट्रेन में बैठकर आ रहे पठारी निवासी भगवान सिंह ने बताया कि सबसे आगे की बोगी में आग लगने से भयानक तरीके से धुंआ का गुबार उठा जो पीछे की बोगियों में भर गया। धुंआ देखकर बोगी में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई।

सांची और विदिशा के बीच आग
गंजबासौदा निवासी यात्री उमेश राय ने बताया कि बोगियों में धुंआ भरने से यात्री डर गए थे और उन्होंने चलती ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया था। जब यात्री नीचे उतर गए और देखा कि अतिरिक्त कोच के ब्रेक शू में आग लगी थी तब जाकर चैन की सांस ली। बताया जा रहा है कि आग सांची और विदिशा के बीच में लगी थी, लेकिन देखा यहां गया।

ओवरब्रिज पर लगा जाम
घटना के बाद ट्रेन को रोक दिया गया था जिसके चलते नीमताल ओवरब्रिज पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। लोग समझ नहीं पा रहे थे कि ट्रेन को क्यों रोका गया है। जिज्ञासावस वहां पर अधिक भीड़ होने के कारण जाम के हालात बने रहे। जिसके कारण वहां से निकलने वाले राहगीरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply