अशोकनगर। सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री और गुना से भाजपा के उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंदेरी में देश के पहले ‘क्राफ्ट हैंडलूम टूरिज्म विलेज’ का शुभारंभ किया। इसी के साथ उन्होंने जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री इसके अलावा जिले के ग्राम जनोदा भी जाएंगे, जहां वह ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लेंगे और पीड़ित किसानों का हालचाल जानेंगे।
गौरतलब है कि मप्र पर्यटन बोर्ड की पहल पर केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय एवं मप्र शासन द्वारा 7 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से प्राणपुर गांव में क्राफ्ट हैंडलूम टूरिज्म विलेज’ का विकास किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य स्थानीय बुनकरों एवं शिल्पकारों की कला को संरक्षित करते हुए बाजार मुहैया कराना है। लोकार्पण समारोह में केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री एवं केंद्रीय रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोश और संस्कृति,पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जिले को 300 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव चंदेरी में टूरिज्म विलेज का लोकार्पण करने के साथ जिले को 301.03 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगातें दी, जिसमें 72.06 करोड़ रूपये की लागत के 34 कार्यों का लोकार्पण तथा 228.97 करोड़ रुपये की लागत के 8 कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किए।


