भिंड। मुख्यमंत्री मोहन यादव की भिंड में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली गई। यात्रा में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। इस यात्रा के बाद मोहन यादव ने 68 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसके साथ ही किसान कल्याण योजना में 80 से अधिक किसानों को 1 हजार 816 करोड़ रुपये और फसल बीमा योजना खरीफ 23 में 25 लाख से अधिक किसानों को 755 करोड़ रुपये का आंतरण किया।
ग्वालियर भी पहुंचे मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भिंड जाने से पूर्व ग्वालियर से पूर्व राजकीय विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुंचे। जहां वे विमानतल के वीआईपी लाउंज से वीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मुख्य आतिथ्य में हो रहे कार्यक्रम में शामिल हुए। भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ यादव के साथ प्रदेश मंत्री भाजपा लोकेन्द्र पाराशर एवं राज्य शासन के अपर सचिव अविनाश लवानिया भी आए
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री ने किया निरीक्षण
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एमजेएस स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंच, दर्शक-दीर्घा, वाहन पार्किंग, हितग्राहियों की बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, प्रसाधन की व्यवस्था एवं आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था प्रबंधों के संबंध में जानकारी ली और कार्यक्रम को व्यवस्थित और गरिमामय तरीके से संपन्न कराने की समुचित तैयारियां शीघ्र पूर्ण कराने अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर भिंड संजीव श्रीवास्तव, एसपी असित यादव, विधायक भिंड नरेंद्र सिंह कुशवाह, बीज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया सहित अन्य मौजूद रहे।
इन विकास कार्याें का शिलान्यास व लोकार्पण
मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न विभागों के 18 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन निर्माण कार्यों की लागत 139 करोड़ 56 लाख रुपये है। जिनमें 99 करोड़ 46 लाख रुपये की जल प्रदाय योजना, 12 करोड़ 80 लाख रुपये की दो संयुक्त तहसील कार्यालय भवन, 12 करोड़ 62 लाख रुपये का उच्चस्तरीय पुल निर्माण, 4 करोड़ 71 लाख रुपये की जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल योजना सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। साथ ही विभिन्न विभागों के 50 कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन कार्यों की लागत 53 करोड़ 79 लाख रुपये है। जिनमें 34 करोड़ 37 लाख से अधिक की जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल योजना, 19 करोड़ 42 लाख की पुनर्घनत्वीकरण योजना जिला जेल भिंड के अंतर्गत जिला जेल, उपजेल भिंड, उपजेल गोहद, उपजेल मेहगांव, उपजेल लहार का शिलान्यास किया गया।


