शिवपुरी जिले के बड़ौदी में आधे घंटे तक गिरे ओले, गेहूं और चने की फसल को नुकसान

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश शिवपुरी

शिवपुरी। शुक्रवार-शनिवार रात जिले में जमकर बारिश हुई। चार ब्लाक में रातभर में 10 मिमी से अधिक पानी बसरा। वहीं शनिवार दोपहर को कई जगहों पर ओलावृष्टि भी है। इससे किसानों को खासा नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी सरसों और गेहूं की फसल बिछ गई। मौसम विभाग के अनुसार शिवपुरी में 61 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली जिससे फसलें बिछ गईं। मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला। दिन का तापमान तेजी से गिरा और शिवपुरी प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान वाले जिलों में पहले स्थान पर रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने शनिवार के लिए आरेंज एलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आने से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदल गया है।

जानकारी के अनुसार तेज आंधी के साथ बड़ौरी में करीब आधे घंटे तक ओले गिरते रहे। इतने ओले गिरे कि लोगों ने इन्हें बर्तनों में भर लिया। इसी तरह करैरा और भौंती क्षेत्र में 50 ग्राम वजन तक के ओले गिरे। कृषि विज्ञानी डा. एमके भार्गव ने बताया कि यह बड़ी खराब स्थिति है और किसानों के लिए किसी प्राकृतिक आपदा से कम नहीं है। इसके लिए कोई एडवाइजरी भी नहीं हो सकती है। इस समय सरसों की फसल कट रही है और कुछ जगहों पर मसूर भी कट रही है। उसमें नुकसान हुआ है। इसके साथ ही गेहूं और चने की फसल अधिकांश जगह पर खड़ी हुई है। जिन जगहों पर ओले गिरे हैं वहां इनका नुकसान होगा। बारिश में तब भी फसल बच जाती है, लेकिन ओले पौधे को जड़े से खराब कर देते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र पर भी बारिश और ओलों से थोड़ा नुकसान हुआ है। इसका आंकलन किया जाएगा।

शिवपुरी के आस-पास गांवों में भी गिरे ओले
शिवपुरी में कई जगहों पर ओले गिरे। गुना बाइपास क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। हालांकि इस क्षेत्र में खेती अधिक नहीं है तो ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। लेकिन, शहर के आसपास के गांव राजश्री, रातौर, सतेरिया, बड़ौदी, कमराचकला, ख्यावदा आदि गांव में भी ओलावृष्टि हुई। यहां पर किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है।

आकाशीय बिजली गिरने से 26 वर्षीय युवक की मौत
देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बड़ागांव में रहने वाली युवक पर आकाशीय बिजली गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस में मर्ग कम कर लिया है। रसविन्दर सिंह पुत्र मंगल सिंह सिख 30 वर्ष निवासी बडागांव ने देहात थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि शुक्रवार की रात करीब 7.40 बजे की बात है वह बडागांव से अपने घर पर आ रहा था। जैसे ही बादाम गुर्जर के खेत के पास आया तो बडागांव का राजन पुत्र भरत आदिवासी 26 वर्ष निवासी बडागांव मुंह के भर रास्ता में पडा हुआ था। उसकी बाइक पास में ही पड़ी हुई थी। जब उसने जाकर देखा तो आकाशीय बिजली की चपेट में आने से राजन की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पीएम करा लिया है।

घर के आंगन में काम कर रहीं दो महिलाएं घायल
बैराड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेहरगढ़ा में दो महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। उनको उपचार हेतु बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार नहरगढ़ा में रहने वाली सपना यादव पत्नी सिरसभान यादव 22 साल और राधा यादव पत्नी रामनिवास यादव 26 साल अपने घर पर थी और आंगन में काम कर रही थी। तब ही सुबह अचानक उन पर आकाशीय बिजली आकर गिर गई। इससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।

शिवपुरी विकासखंड में चार-पांच गांव में ओले गिरने की सूचना मिली है। इसके साथ ही करैरा और नरवर में कुछ जगहों पर ओलों की सूचना है। राजस्व विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीम को भेजकर नुकसान का आंकलन कराएंगे। ……….. यूएस तोमर, उपसंचालक, कृषि विभाग

Leave a Reply