महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने दिया इस्तीफा

महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय राष्ट्रीय

मुंबई। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका देते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। ऐसी अटकलें हैं कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को लिखे एक पत्र में चह्वाण (65) ने कहा कि वह पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को भी विधायक के रूप में अपना इस्तीफा सौंपा। अशोक चव्हाण के कांग्रेस छोड़ने से कुछ दिन पहले महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी पार्टी छोड़ी दी थी। चव्हाण के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर सुप्रिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज विपक्ष की राजनीति करना बहुत मुश्किल है, आज सरकार की आंख में आंख में डालकर यह बोलना बहुत मुश्किल है कि आपका सारा फर्जीवाड़ा (आंकड़ों का) गलत है, आपका ‘श्वेत पत्र’ गलत है। किसी के ऊपर जांच एजेंसी का दबाव है, किसी पर प्रलोभन होता है और किसी के ऊपर अन्य तरह का दबाव बनाया जाता है।’’

उन्होंने कहा कि हाल के समय में जिन लोगों ने पार्टी छोड़ी है, उन सबके ईडी के मामलों को देख लीजिए, तो तस्वीर अपने आप साफ हो जाएगी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘विपक्ष की राजनीति मुस्तैदी से करना बहुत मुश्किल है। यह वही कर सकता है जिसके अंदर लड़ने का कलेजा है, माद्दा है और शिद्दत है, जो सरकार से कहता है कि जेल में डाल दो, लेकिन तुम्हारा विरोध करता रहूंग, सच के लिए खड़ा रहूंगा। मुझे लगता है कि राहुल गांधी आज यह काम बखूबी कर रहे हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘जो जा रहा है उसको हाथ पकड़कर हाथ नहीं रोक सकते। उसके ऊपर जरूर कोई दबाव होगा। मुझे लगता है कि यह दबाव एजेंसियों का है। ’’ सुप्रिया ने दावा किया, ‘‘सरकार की वाशिंग मशीन लोगों के लिए खोल दी जाती है। 70 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप रात में लगाएंगे और अगली सुबह मोदी जी उनके साथ हाथ मिलाकर सरकार बना लेते हैं। इस तरह की चीजें लोकतंत्र को क्षीण करती हैं।’’

कांग्रेस छोड़ने के बाद बोले अशोक चव्हाण- अगले राजनीतिक कदम पर फैसला करूंगा एक-दो दिन में

मुंबई। सोमवार को कांग्रेस छोड़ने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है और एक दो दिनों में अपने अगले राजनीतिक कदम पर फैसला करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को लिखे पत्र में चव्हाण (65) ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को विधायक पद से अपना इस्तीफा भी सौंप दिया। चव्हाण ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी में होने वाली किसी भी बात को लेकर सार्वजनिक मंच पर चर्चा नहीं करने जा रहा हूं।” पूर्व मुख्यमंत्री ने उनके अगले राजनीतिक कदम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह अगले दो दिनों में इस पर फैसला करेंगे।

अशोक चव्हाण के इस्तीफे पर कांग्रेस ने कहा- जांच एजेंसियों का दबाव है वजह, नेता कर रहे हैं खुद को असुरक्षित महसूस

अशोक चव्हाण के इस्तीफे पर कांग्रेस ने कहा- जांच एजेंसियों का दबाव है वजह, नेता कर रहे हैं खुद को असुरक्षित महसूस
नई दिल्ली। कांग्रेस ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद सोमवार को कहा कि जो लोग ऐसे कदम उठा रहे हैं उन पर जांच एजेंसियों का दबाव है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि जो नेता किसी न किसी वजह से खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं कि उनके लिए भारतीय जनता पार्टी की ‘वाशिंग मशीन’ वैचारिक प्रतिबद्धता के मुकाबले ज्यादा आकर्षक रहेगी।

पृथ्वीराज चव्हाण बौले- अशोक चव्हाण का कांग्रेस छोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण फैसला, कभी नहीं सोचा था कि उनके जैसा व्यक्ति उठाएगा ऐसा कदम

मुंबई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने सोमवार को कहा कि उनके सहयोगी अशोक चव्हाण का पार्टी छोड़ने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। पृथ्वीराज चव्हाण ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि अशोक चव्हाण ने किस मजबूरी में कांग्रेस का साथ छोड़ा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण फैसला है। कभी नहीं सोचा था कि उनके जैसा व्यक्ति ऐसा कदम उठाएगा।’’ पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी छोड़ने वालों को मतदाता सबक सिखाएंगे। अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफे के बाद कहा कि उनका यह निर्णय व्यक्तिगत है और वह इसकी कोई वजह नहीं बताना चाहते। अशोक चव्हाण ने यह भी कहा कि उन्होंने अभी तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का कोई फैसला नहीं किया है।

Leave a Reply