मुंबई। मुंबई पुलिस ने इस संदेश के बाद जांच शुरू कर दी है जिसमें दावा किया गया है कि शहर में बम लगाए गए हैं और उनमें विस्फोट किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस सूचना के बाद पुलिस अलर्ट पर है। वर्ली स्थित यातायात नियंत्रण कक्ष को बृहस्पतिवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे एक संदेश मिला, जिसमें दावा किया गया कि मुंबई में विस्फोट होंगे क्योंकि देश की वित्तीय राजधानी में छह स्थानों पर बम रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा और महाराष्ट्र एटीएस (आतंकवाद निरोधी दस्ता) को धमकी भरे संदेश के बारे में सतर्क कर दिया गया है और भेजने वाले का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।


