66वें ग्रैमी अवार्ड : पांच भारतीय संगीतकारों ने जीते ग्रैमी अवॉर्ड

बॉलीवुड मनोरंजन

नई दिल्ली। भारत केवल आर्थिक शक्ति के रूप में ही नहीं उभर रहा, बल्कि संगीत आदि के क्षेत्र में भी इसका दबदबा विश्व पटल पर बढ़ रहा है। अमेरिका के लॉस एंजिलिस में रविवार की रात आयोजित 66वें ग्रैमी अवार्ड में भारतीय संगीतकारों ने इसे साबित किया है। इस दौरान भारत पर पुरस्कारों की बारिश हुई। पांच भारतीयों ने इस दौरान अवॉर्ड जीते। इसमें तबला वादक जाकिर हुसैन, वांसुरी वादक राकेश चौरसिया, शंकर महादेवन आदि शामिल हैं। इस कार्यक्रम में जाकिर हुसैन को तीन, जबकि राकेश चौरसिया को दो अवॉर्ड मिले। फ्यूजन ग्रुप शक्ति में हुसैन के सहयोगी गायक शंकर महादेवन, वायलिन वादक गणेश राजगोपालन और परकशनिस्ट सेल्वगनेश विनायकराम को एक-एक ग्रैमी अवॉर्ड मिला।

बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम अवॉर्ड- शक्ति
शक्ति को दिस मोमेंट के लिए 2024 का बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम अवॉर्ड दिया गया। इस एल्बम में चार भारतीयों के साथ-साथ इसके संस्थापक सदस्य प्रसिद्ध ब्रिटिश गिटारवादक जान मैकलाघलिन भी शामिल हैं। दिस मोमेंट जून 2023 में रिलीज हुआ था। शक्ति के लिए पुरस्कार के अलावा जाकिर हुसैन ने दो अन्य पुरस्कार जीते। इनमें पश्तो के लिए बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफार्मेंस अवार्ड और एज वी स्पीक के लिए बेस्ट कंटेंपरेरी इंस्ट्रूमेंटल एल्बम का अवार्ड शामिल है।

प्यार और संगीत के बिना हम कुछ भी नहीं
जाकिर हुसैन ने कहा कि प्यार और संगीत के बिना हम कुछ भी नहीं हैं। अकादमी को धन्यवाद। इन सभी महान संगीतकारों को धन्यवाद। प्रसिद्ध बांसुरीवादक हरिप्रसाद चौरसिया के भतीजे राकेश चौरसिया ने पश्तो और एज वी स्पीक के लिए अमेरिकी बैंजो वादक बेला फ्लेक और अमेरिकी एडगर मेयर के साथ दो ग्रैमी जीते। मंच पर अवार्ड प्राप्त करने के बाद गायक शंकर महादेवन ने कहा कि वह इसके लिए ईश्वर, अपने दोस्तों और परिवार को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को अपनी पत्नी को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि बिना उसके समर्थन के यह संभव नहीं था। इस दौरान मौजूद दो बार के ग्रैमी विजेता रिकी केज ने कहा कि ग्रैमी 2024 का यह वर्ष भारत के नाम रहा। उन्होंने एक्स पर लिखा सच में भारत चमक रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस उपलब्धि के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने एक्स पोस्ट पर लिखा है कि आपकी अभूतपूर्व सफलता पर बधाई। आपकी असाधारण प्रतिभा और संगीत के प्रति समर्पण ने दुनिया भर का दिल जीत लिया। भारत को गर्व है। ये उपलब्धियां आपके द्वारा की जा रही कड़ी मेहनत का प्रमाण हैं। यह नई पीढ़ी के कलाकारों को बड़े सपने देखने और संगीत में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए भी प्रेरित करेगी। वहीं, वांसुरीवादक राकेश चौरसिया ने प्रधानमंत्री के पोस्ट का जवाब देते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा आपकी ओर से दी गई बधाई बहुत मायने रखती है। दो ग्रैमी अवार्ड भारत लाने के लिए मैं बेहद ही खुशी और गर्व महसूस कर रहा हूं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय कलाकारों को ग्रैमी- 2024 अवार्ड प्राप्त करने पर दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व के प्रतिष्ठित संगीत पुरस्कार ग्रैमी -2024 से सम्मानित होने पर प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन, तबला वादक जाकिर हुसैन, बांसुरी वादक राकेश चौरसिया, संगीत निर्देशक सेल्वागणेश और वायलिन वादक गणेश राजगोपालन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संगीत को विश्व में यह सम्मान दिलाकर देश के महान कलाकारों ने 140 करोड़ भारतीयों का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्व भर में भारतीय संगीत का स्वर गूँज रहा है। देश के कलाकारों ने विश्व के संगीत प्रेमियों के मन में अमिट छाप छोड़ी है।

Leave a Reply