एजेंसी, लखनऊ। डिफेंस एक्सपो स्थल पर 23 नवंबर से होने वाली 19वीं नेशलन जंबूरी के लिए एक अलग थाना और आठ सामान्य पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। इसके अलावा महिला सुरक्षा व सहायता के लिए दो विशेष चौकियों की भी व्यवस्था की गई है। इनमें 300 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अत्याधुनिक कंट्रोल रूम से 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर के निर्देश पर संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था ने ब्लू प्रिंट तैयार किया। गुरुवार को डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल, एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार, एडीसीपी कानून-व्यवस्था जया शांडिल्य, एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय, एसीपी यूपी-112 सौम्या पांडेय ने नेशनल जंबूरी के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार जंबूरी परिसर में एक थाना और 10 पुलिस चौकियों के लिए 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व मार्गदर्शन करेगी। कंट्रोल रूम में विशेष रेडियो कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है जिससे सभी यूनिटों के साथ समन्वय सुचारू रहे। अग्निकांड से निपटने के लिए परिसर में चार फायर स्टेशन स्थापित किए गए हैं। सूचना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई के लिए दो डेडीकेटेड पीआरवी व्हीकल लगातार गश्त करते रहेंगे।
200 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे यातायात व्यवस्था
परिसर व आसपास के इलाके में यातायात बाधित न हो। सुचारू रूप से संचालित होता रहे। इसके लिए दो सौ से अधिक यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व सतर्कता को ध्यान में रखते हुए स्थानीय खुफिया विंग के 90 कर्मचारी तैनात किये गये हैं। जंबूरी में देशभर से आने वाले स्काउट्स, गाइड्स, बच्चों और युवाओं से पुलिस का सकारात्मक, मित्रवत और भरोसेमंद संवाद सुनिश्चित करने के लिए सभी पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षित किए गए हैं पुलिसकर्मी
जंबूरी की सुरक्षा में तैनात किए गए पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें बॉडी लैंग्वेज, रेपो बिल्डिंग, बच्चो से संवाद करते समय व्यवहारिक संवेदनशीलता, हेल्पफुल, स्माइलिंग, एप्रोचेबल पुलिस इमेज, बेहतर कम्युनिकेशन स्किल विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण कार्यशाला यूनिसेफ के सहयोग व विशेषज्ञों की देखरेख में बुधवार को आयोजित की गई थी।


