न्यूयॉर्क| अमेरिका में फिर बड़ा हमला हुआ है। न्यूयॉर्क के नाइट क्लब में मास शूटिंग हुई है जिसमें 11 लोगों को गोली लगने की खबर है। जानकारी के मुताबिक घटना न्यूयॉर्क के क्वीन्स शहर में हुई है। आपको बता दें कि 24 घंटे में अमेरिका में हुआ ये तीसरा बड़ा हमला है। इससे पहले न्यू ऑर्लिन्स में तेज रफ्तार ट्रक ने लोगों को रौंद दिया था, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी। इसके कुछ घंटे बाद ही लास वेगस में ट्रंप इंटरनेशनल होटल के ठीक बाहर टेस्ला के साइबरट्रक में ब्लास्ट हुआ था। एक की रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी क्वींस के अमज़ूरा नाइट क्लब में हुई। 1 जनवरी को रात करीब 11:45 बजे अमज़ूरा इवेंट हॉल के पास गोलीबारी हुई। गोलीबारी में घायल हुए लोगों को स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका ईलाज किया जा रहा है। वहीं घटना के बाद इवेंट हॉल के पास न्यूयॉर्क पुलिस विभाग की यूनिट जमा हो गई है और घटनास्थल की जांच कर रही है। सिटीजन ऐप की रिपोर्ट के मुताबिक गोलीबारी में शामिल दो संदिग्ध अभी भी फरार हैं।
गोलीबारी के बाद मचा हड़कंप
अमेजुरा इवेंट हॉल जमैका लॉन्ग आइलैंड रेल रोड स्टेशन से कुछ ब्लॉक की दूरी पर स्थित है। जहां रात करीब 11:45 बजे ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुनाई देने लगी, जिसके बाद हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ लोगों को गंभीर चोटें भी आईं। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग स्थिति को संभालने के लिए तुरंत मौके पर पहुंची और साथ ही एसडब्ल्यूएटी टीमों को तैनात किया गया। उन्होंने आसपास के रास्तों को सुरक्षा के लिहाज से बंद कर दिया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं की है।
पुलिस ने क्या कहा
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (एनवाईपीडी) ने विशेष हथियार और रणनीति की टीमों को मौके पर तैनात किया है। अधिकारियों ने अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं की है ना ही गोलीबारी का मकसद पता चल सका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह एक भयावह घटना थी। नाइट क्लब में नए साल का जश्न मनाने वाले लोगों की भीड़ थी तभी गोलियों चलने की आवाजें आईं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। आसपास के घरों में जाकर पुलिस तलाशी ले रही है और घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यहां के निवासियों को घटना क्षेत्र से दूर रहने के लिए कहा गया है।
न्यू ऑरलियन्स में कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं : प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका में नए साल के दिन हुए ट्रक अटैक की कड़े शब्दों में निंदा की है। हमले में 15 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। पीएम मोदी ने कहा, ‘हम न्यू ऑरलियन्स में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। ईश्वर करे कि उन्हें इस त्रासदी से उबरने में शक्ति और सांत्वना मिले।’ न्यू ऑरलियन्स में नए साल के दिन सुबह-सुबह बोरबन स्ट्रीट पर एक शख्स ने एक ट्रक को तेज रफ्तार के साथ भीड़ में घुसा दिया जिससे 15 लोगों की मौत हो गई जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।संदिग्ध की पहचान टेक्सास निवासी 42 वर्षीय अमेरिकी नागरिक शम्सुद्दीन जब्बार के रूप में हुई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एफबीआई का कहना है कि वाहन में इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) का झंडा मिला और वे इस हमले की जांच ‘आतंकवादी कृत्य’ के रूप में कर रहे हैं। जब्बार पुलिस की गोलीबारी में मारा गया
सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक जांचकर्ताओं का कहना है कि संदिग्ध ने ‘हमले से कुछ घंटे पहले’ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किए थे, जिससे पता चलता है कि वह आईएसआईएस से प्रेरित था और ‘हत्या करने का इरादा’ रखता था। अधिकारियों के अनुसार, जब्बार ने वीडियो में ऐसे सपने देखने की बात कही, जिनसे उसे आईएसआईएस में शामिल होने की प्रेरणा मिली। जब्बार अमेरिकी सेना में लंबे समय तक नौकरी कर चुका था और उसकी तैनाती अफगानिस्तान में भी हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक अदालती दस्तावेजों से पता चलता है कि जब्बार ने अपनी दो पूर्व पत्नियों को तलाक दिया था। ऑनलाइन रिज्यूमे के अनुसार, जब्बार ने 2010 में सेंट्रल टेक्सास कॉलेज से एसोसिएट डिग्री और 2017 में जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से ग्रेजुऐशन की डिग्री प्राप्त की। दोनों डिग्री कंप्यूटर विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित थीं। कुछ मीडिया रिपोट्स के मुताबिक जब्बार का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जो यातायात अपराध और चोरी से संबंधित था।


