चेन्नई| मोदी सरनेम केस में सुप्रीम कोर्ट से सजा पर रोक लगने और इसके बाद सांसदी बहाल होने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिन (12 और 13 अगस्त) के दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड जा रहे हैं। इससे पहले शनिवार दोपहर में तमिलनाडु के ऊटी के पास बसे मुथु नाडु गांव में टोडा आदिवासी समुदाय के लोगों से राहुल ने मुलाकात की। आदिवासियों के साथ राहुल गांधी ने डांस भी किया। राहुल आज वायनाड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। सांसदी बहाल होने के बाद राहुल का यह पहला वायनाड दौरा है। राहुल गांधी के दौरे की जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी।
इससे पहले जब राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द हुई थी तब वह 16 दिन बाद 10 अप्रैल, 2023 को वायनाड गए थे। उन्होंने यहां जनसभा में कहा था कि मेरी संसद की सदस्यता छीन ली गई। मेरा घर छीन लिया गया। मेरे पीछे पुलिस लगा दी। लेकिन इन सबसे मुझे फर्क नहीं पड़ता है। वो मुझे जेल में भी डाल दें, फिर भी मैं सवाल पूछता रहूंगा।
राहुल गांधी ने कहा था कि वो लोग जितना दुष्ट बनना चाहें बनें। जितना निर्दयी बनेंगे, मैं उतना ही सज्जन बनूंगा। भाजपा देश के सिर्फ एक विजन को पेश कर रही है, लेकिन हम देश के असली विजन को लेकर चल रहे हैं। वो मुझे जितना परेशान करेंगे, उससे पता चलेगा कि मैं सही राह पर हूं। केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वायनाड के लोग इस बात से बहुत खुश हैं कि लोकतंत्र की जीत हुई है। उनकी आवाज संसद में वापस लौट आई है। राहुल सिर्फ उनके सांसद ही नहीं बल्कि परिवार के सदस्य जैसे हैं।


