प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्री स्वामी नारायाण आश्रम में श्री अतिरुद्र महायज्ञ पूजन में सपत्नीक शामिल हुए

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अपनी शादी की 31 वीं वर्षगांठ पर श्री स्वामी नारायण आश्रम में श्री अतिरुद्र महायज्ञ पूजन में पत्नी श्रीमती सीमा यादव के साथ शामिल हुए। स्वामी आनन्द जीवन दास ने विशेष प्रकार के पुष्पों की माला से मुख्यमंत्री डॉ. यादव का एवं मंजुला बेन एवं रक्षा बेन ने श्रीमती सीमा यादव का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। अतिरुद्र महापूजा में अमेरिका, इंग्लेंड, उज्जैन और आसपास के जिलों के यजमान भी आये थे। ये सभी अतिरुद्र महापूजा में सपत्निक शामिल हुए। श्री स्वामीनारायण आश्रम में मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अचार्य शेखर, नगर निगम की सभापति श्रीमती कलावती यादव, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, श्रीमती रेखा रत्नाकर एवं श्रद्धालुगण मौजूद थे।

22 जनवरी को शुष्क दिवस घोषित

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम मंदिर के गर्भ गृह में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में शुष्क दिवस घोषित करने का निर्णय लिया है। इस दिन प्रदेश में भांग, शराब एवं सभी प्रकार के मादक पदार्थो की दुकानें बंद रहेगी। अयोध्या में भव्य कार्यक्रम होगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा है कि पूरा देश इस कार्यक्रम को लेकर रोमांचित है। मध्य प्रदेश सरकार भी जन भावनाओं के साथ है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागदा में मुक्तेश्वर महादेव का पूजन अर्चन किया

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यहां के मुक्तेश्वर महादेव के मंदिर में भगवान का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया। अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक नागदा खाचरौद तेज बहादुर सिंह चौहान, बहादुर सिंह बोरमुंडला व अन्य गणमान्य नागरिक तथा कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, डीआईजी अनिल सिंह कुशवाहा एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खाचरौद में निजानंद धाम आश्रम में पूजन किया| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खाचरौद में ब्रह्मलीन 1008 श्री सच्चिदानंद जी महाराज और ब्रह्मलीन 1008 श्री निजानंद जी महाराज के आश्रम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मलीन संतों की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और पूजन अर्चन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खाचरौद में किया रोड शो : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली बार खाचरौद नगर आगमन पर स्थानीय जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने खाचरौद के उज्जैन दरवाजा क्षेत्र में रोड शो किया। स्थानीय जनता ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो में आमजनों ने अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रेल्वे के बहु-विषयक क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान का भूमिपूजन किया

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगर रोड स्थित इंदिरा नगर के समीप रेल्वे की भूमि पर बहु-विषयक क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। शहर के विकास में एक और नया आयाम जुड गया है, जो शहरवासियों के लिए अनुपम भेंट होगी। इस अवसर पर जन-समुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार सड़कों के विकास के साथ-साथ रेल्वे का भी विकास और विस्तार कर रही है। केन्द्र सरकार ने रेल्वे के विकास में 13 हजार 672 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि जिस भूमि पर भूमि पूजन किया है, यहां से आगर जाने वाली नेरोगैज रेल्वे लाईन हुआ करती थी। बहुत दिनों से रेल्वे की इस भूमि का पर सदुपयोग होकर यहां बहु-विषयक क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान जल्द आकार लेगा। इस प्रशिक्षण केन्द्र से रेल्वे के अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी सेवाओं में गुणवत्ता बढ़ायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए अभी से कार्य योजना तैयार की जाकर विकास के कार्य किए जायेंगे। उज्जैन शहर की हवाई पट्टी का उन्नयन होगा और शहर से दूसरे शहरों के लिए सड़क और हवाई यात्रा में सुगमता होगी। इस अवसर पर सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि केन्द्र सरकार ने बहु-विषयक क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। इसके बाद द्वितीय चरण का कार्य भी शीघ्र होगा। श्री फिरोजिया ने कहा कि उज्जैन शहर के रेल्वे स्टेशन को अन्तराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तर्ज पर विकसित करने के लिए भारत सरकार ने लगभग 850 रुपये मंजूर किए हैं और प्रथम चरण में रेल्वे स्टेशन का उन्नयन करने के लिए 468 करोड़ रुपये से कार्य शुरु होगा। उन्होंने नए प्रशिक्षण संस्थान की सबको शुभकामनाएं दी।

इसरो का सेंटर में भी खुले इस संबंध में प्रयास किया जाएगा

विज्ञान प्रोध्योगिकी में नई संभावनाएं छिपी हुई हैं – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वैज्ञानिक युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लिया

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय एवं मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कालिदास अकादमी के संकुल हॉल में वैज्ञानिक युवा संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि इसरो का एक सेंटर प्रदेश में भी खुले इस संबंध में प्रयास किए जायेंगे। विज्ञान प्रौद्यागिकी के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं छिपी हुई हैं। पुण्य भूमि उज्जयिनी एक अलग आनन्द मिलता है। ब्रह्माण्ड को कोई नहीं जान सकता। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर एक अलग आनन्द की अनुभूति हो रही है और यह पर्व वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारे पर्व और त्यौहारों में कई रोचक बातें छिपी हुई हैं। मोक्ष देने वाली नगरियों में उज्जयिनी नगरी की महत्ता का भी अपना एक अलग महत्व है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हैदराबाद से आए इसरो के निदेशक डॉ. प्रकाश चौहान के उज्जवल भविष्य की मंगल कामना करते हुए कहा कि उज्जैन में आकर उन्होंने युवाओं से रुबरु होकर विज्ञान के क्षेत्र में उनकी जिज्ञासाओं का संतोषजनक समाधान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टि से युवाओं में विज्ञान में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए सरकार कार्य कर रही है। विज्ञान के क्षेत्र में हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विज्ञान के विद्यार्थी समय-समय पर हमारे वरिष्ठ वैज्ञानिकों से संवाद स्थापित करें, इसके लिए इस  प्रकार के युवा संवाद कार्यक्रम और आयोजित  किए जायेंगे जिससे नई सोंच के साथ हमारे युवा आगे बढ़ सकें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में शीघ्र ही मंगल तिथियों की वैदिक घड़ी का टावर बनेगा।

भूतेश्वर मंदिर पहुंचे मंत्री राजपूत ने झाडू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

श्री रामलला के स्वागत में हर मंदिर, शहर, घर-आंगन हो साफ स्वच्छ : मंत्री राजपूत

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| सागर के प्राचीन भूतेश्वर मंदिर पहुंचे खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर परिसर में साफ-सफाई एवं झाड़ू लगाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। मंत्री राजपूत ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता के लिए अभियान चलाया है, जिसका असर पूरे देश सहित छोटे-छोटे गांव में भी दिख रहा है। 22 जनवरी को प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है, जिसको लेकर हम सब अपने-अपने आसपास क्षेत्र के मंदिरों में भी साफ-सफाई करें, जिससे 22 जनवरी को रामलला के स्वागत में मंदिर, शहर, हर घर-आंगन साफ और स्वच्छ रहे। प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव हमें इस तरह मनाना है कि हर घर अयोध्या धाम बन जाये। उन्होंने शहरवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि 22 जनवरी को सभी शहरवासी अपने घर में दीवाली जैसा उत्सव मनायें। मंत्री राजपूत द्वारा सीताराम रसोई में भोजन प्रसादी वितरण कर सभी को भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर नगर निगम महापौर संगीता तिवारी उपस्थित थीं।

मंदिर हमारी आस्था के केंद्र हैं, उन्हें स्वच्छ, सुंदर हमें ही रखना है- मंत्री शुक्ला

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर नवीन एवं नवकरणीय मंत्री राकेश शुक्ला ने विधायक विश्राम गृह के समीप कात्यायनी मन्दिर में साफ़-सफ़ाई मंदिर स्वच्छता अभियान की शुरूआत। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने रविवार को विधायक विश्राम गृह के समीप स्थित कात्यायनी मंदिर में साफ़-सफ़ाई की। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है। अयोध्या में प्रभु श्री राम भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व तक देश के तीर्थ स्थानों एवं मंदिरों की साफ-सफाई करने और स्वच्छता का अभियान चलाने की अपील की है। मंत्री शुक्ला ने कहा कि मंदिर जनमानस की आस्था के केंद्र हैं। उन्हें स्वच्छ और सुंदर रखना हमारी जिम्मेदारी है।

राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने मंदिर में झाडू-पोछा लगाया

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने रविवार को शिव शक्ति मंदिर, पंचवटी मार्केट, गोविंदपुरा में झाडू-पोछा लगाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान के क्रम में श्रीमती गौर मंदिर में साफ-सफाई करने पहुँचीं। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गौर ने कहा कि मंदिर और मंदिर प्रांगण को साफ-स्वच्छ रखना सभी श्रद्धालुओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंदिरों में नागरिकों के साथ साफ-सफाई के लिये वह स्वयं पहुँचेंगी। उन्होंने विधान सभा क्षेत्रों के लोगों से अनुरोध किया कि हम हमारे मंदिरों के परिसरों को स्वच्छ बनाये रखें। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के साथ हम भोपाल नगर में मंदिरों को स्वच्छ और साफ रखेंगे। राज्य मंत्री श्रीमती गौर के साथ स्थानीय पार्षद नीरज सिंह, पार्षद श्रीमती अर्चना परमार और नागरिकों ने सफाई कार्य में हिस्सा लिया।

मंत्री प्रहलाद पटेल ने मंदिर परिसर में झाड़ू और पोंछा लगाया

भोपाल : रविवार, जनवरी 14| पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आज विदिशा के खाटू श्याम मंदिर परिसर में झाड़ू और पोंछा लगाया। मंत्री पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आव्हान पर आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व देश के प्रत्येक धार्मिक स्थल पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। मंदिर हो या गुरुद्वारा, चाहे किसी संप्रदाय या किसी भी पूजा पद्धति का हो उसकी स्वच्छता सुनिश्चित की जानी हैं। मंत्री पटेल ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद जेपी नड्डा ने भी रविदास मंदिर से इसकी शुरुआत की है। मेरे प्रवास के दौरान मुझे विदिशा के खाटू श्याम मंदिर में सेवा देने का सौभाग्य मिला। मंत्री पटेल ने कहा कि हम प्रत्येक धार्मिक स्थान को स्वच्छ रखने का संकल्प लें।


पीएम जनमन योजना के तहत साढे 10 हजार से अधिक आदिवासी घर होंगे रोशन

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शिवपुरी जिले से 12 किमी दूर ग्राम हातोद में ‘‘प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान‘‘ (प्रधानमंत्री जनमन योजना) के प्रथम चरण में 15 जनवरी को शिवपुरी जिले के आदिवासी बहुल ग्राम पडोरा, डेहरवारा एवं गढ़ीबरोद के 57 आदिवासी परिवारों के घरों को बिजली से रोशन करने का तोहफा देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गढ़ीबरोद, डेहरवारा एवं पडोरा के नवीन विद्युतीकृत आदिवासी परिवार के हितग्राहियों से वर्चुअली संवाद करेंगे। प्रदेश में 1246 गांवों के जनजातीय परिवारों को मिलेगा लाभ : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना में गांवों और मजराटोलों को ऊर्जीकृत किया जा रहा है। इस योजना में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ग्वालियर, विदिशा, अशोकनगर, श्योपुर, दतिया, गुना, शिवपुरी, रायसेन एवं भिण्ड जिलों के 306 गांवों एवं मजराटोलों को ऊर्जीकृत किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के प्रथम चरण में कुल 4 हजार 7 आदिवासी परिवारों के घर रोशन होंगे। विदिशा और ग्वालियर जिले के 36 जनजातीय परिवारों के घरों को रोशन कर दिया गया है। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अनूपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा डिंडोरी, मंडला, नरसिंहपुर, शहडोल एवं सीधी जिले में कुल 946 गांवों एवं मजराटोलों को ऊर्जीकृत किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के प्रथम चरण में कुल 6 हजार 995 आदिवासी परिवारों के घर रोशन होंगे। इससे एक ओर जहॉं आदिवासी परिवारों के बच्चों को पढ़ने-लिखने के साथ ही घरेलू कामकाज और रोजगार के अवसर मिल सकेंगे वहीं दूसरी ओर पीने के पानी, सड़क, बिजली और मूलभूत सुविधाएं मिलने से उनके रहन-सहन के स्तर में सुधार आएगा। इसके लिए भारत सरकार ने 80 करोड़ 82 लाख रूपये स्वीकृत किये हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के दूसरे चरण के सर्वे का कार्य चल रहा है।

एक आदर्श शिक्षिका थीं सुमन मुक्तिबोध : मुख्यमंत्री यादव

भोपाल : रविवार, जनवरी 14, 2024| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत मुक्तिबोध की माताजी और प्रख्यात शिक्षा शास्त्री श्रीमती सुमन मुक्तिबोध के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रीम ती सुमन मुक्तिबोध ने सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से लेकर अब तक संस्था के विकास के लिए निरंतर कार्य किया। वे आदर्श शिक्षिका थीं। श्रीमती सुमन मुक्तिबोध ने सरस्वती शिशु मंदिर की प्रतिष्ठा में श्रीवृद्धि करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में महत्व पूर्ण योगदान दिया। उनकी सेवाएं स्मरणीय रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत श्रीमती सुमन मुक्तिबोध को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दु:ख सहन करने की सामर्थ्य देने की प्रार्थना ईश्वर से की है।

Leave a Reply