एजेंसी, पटना। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सुबह 11.30 बजे रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। उनके साथ नए मंत्रिमंडल के कई सहयोगियों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसी के साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को डिप्टी सीएम बनाया गया है। इस शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थिति रहे।
नीतीश कुमार के साथ ये 25 मंत्री बने नयी कैबिनेट का हिस्सा
सम्राट चौधरी – भाजपा
विजय कुमार सिन्हा – भाजपा
मंगल पांडेय – भाजपा
डॉ. दिलीप जायसवाल (एम.एल.सी) – भाजपा
नितिन नबीन – भाजपा
रामकृपाल यादव – भाजपा
संजय सिंह ‘टाइगर’ – भाजपा
अरुण शंकर प्रसाद – भाजपा
सुरेंद्र मेहता – भाजपा
नारायण प्रसाद – भाजपा
रमा निषाद – भाजपा
लखेंद्र पासवान – भाजपा
श्रेयसी सिंह – भाजपा
डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी – भाजपा
विजय कुमार चौधरी – जदयू
श्रवण कुमार – जदयू
विजेंद्र यादव – जदयू
अशोक चौधरी – जदयू
लेसी सिंह – जदयू
जमा खान – जदयू
मदन सहनी – जदयू
संजय कुमार (पासवान) – लोजपा
संजय सिंह – लोजपा
संतोष कुमार सुमन – एच.ए.एम
दीपक प्रकाश – आरएमएल
इन राज्यों के मुख्यमंत्री बने शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी
शपथ ग्रहण के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के देवेंद्र फड़णवीस, मेघालय के सी।के। संगमा, ओडिशा के मोहन चरण मांझी, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, गोवा के प्रमोद सावंत, दिल्ली की रेखा गुप्ता, हरियाणा के नायब सिंह सैनी, असम के हिमंत विश्व शर्मा, अरुणाचल प्रदेश के पेमा खांडू, त्रिपुरा के माणिक साहा और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन। बीरेन सिंह समारोह में उपस्थित रहे।
अब तक 9 बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं नीतीश कुमार
कुमार (74) पहली बार साल 2000 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि, उनकी पहली सरकार मात्र आठ दिनों में गिर गई थी। इसके बाद 2005 से 2014 तक वे लगातार राज्य की बागडोर संभालते रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव में जदयू के कमजोर प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने पद छोड़ दिया था, लेकिन कुछ समय बाद फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नीतीश कुमार ने पिछली बार जनवरी 2024 में मुख्यमंत्री पद ग्रहण किया था, जब उन्होंने और जदयू ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में फिर से वापसी की थी। शपथ ग्रहण समारोह में आए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “बिहार की नयी सरकार के गठन पर राज्यवासियों को शुभकामनाएँ। मुझे विश्वास है कि बिहार आने वाले समय में विकसित होते भारत का महत्वपूर्ण विकास इंजन बनेगा।” जदयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में राजग की सरकार फिर से बन रही है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में बिहार को देश के 10 श्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में खड़ा किया जाए। विकास के नए अध्याय लिखा जाएगा और हम सभी मिलकर प्रगति के नए मानक स्थापित करेंगे।”


