एजेंसी, हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश में बीते तीन सप्ताह से मौसम साफ है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिन तक बारिश और बर्फबारी के आसार नहीं जताए हैं। हालांकि, लाहौल घाटी में नवम्बर का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे ठंड भी प्रचंड होने लगी है। दिन में धूप की अवधि घट रही है और ऊंची बर्फ़ीली चोटियों से आने वाली ठंडी हवाएं तन-बदन में ठंड से सिहरन पैदा कर रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का कहना है कि अगले पंद्रह दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। हालांकि, ठंड में और इज़ाफ़ा होने के आसार हैं। उधर, रात के समय घाटी के कई इलाकों में पानी जमने लगा है, जिससे स्थानीय जनजीवन पर ठंड का असर साफ देखा जा सकता है। फिलहाल, लेह-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग खुला हुआ है और आवाजाही हो रही है। उधर, मनाली और कुल्लू पहुंच रहे सैलानी रोहतांग दर्रे का भी रुख कर रहे हैं। यहां पर माइनस में तापमान होने के बाद भी सैलानियों का जोश कम नहीं हो रहा है। लाहौल घाटी में नवम्बर का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे ठंड भी प्रचंड होने लगी है। रोहतांग दर्रा पहुंचे सैलानी दलीप यादव, अनुज और अख्तर अली का कहना है कि निचले राज्यों में भी अब ठंड शुरू हो गई है, लेकिन रोहतांग दर्रा और ऊंची पहाड़ियों पर अब दोपहर को भी पारा माइनस में जा रहा है। यहां पर नदी-नाले जमने शुरू हो गए हैं और बर्फ के बीच मस्ती करना काफी रोमांचक है और उम्मीद करते हैं कि आने वाले दिनों में आसमान से बर्फ गिरेगी। मौसम विभाग के शिमला केंद्र ने बताया कि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा की रातें शिमला से ज्यादा ठंडी हैं। मौसम विभाग के शिमला केंद्र ने बताया कि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा की रातें शिमला से ज्यादा ठंडी हैं। स्पीति के ताबो का न्यूनतम तापमान सबसे कम माइनस (-4.5) डिग्री, कुकुमसैरी का माइनस (-2.9) और केलांग का माइनस (-3) डिग्री रह गया है। प्रदेश के 25 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे और 10 शहरों में 5 डिग्री से कम हो गया है। शिमला का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राज्य के सबसे गर्म शहर ऊना का तापमान 8.5 डिग्री, कांगड़ा के पालमपुर का 5.0, सोलन का 5.3, कांगड़ा का 5.8, मंडी का 7.6, बिलासपुर का 9.0 और हमीरपुर का न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री तक रात में गिर चुका है। मनाली में मस्ती करने पहुंचे सैलानी कोकसर और सिस्सू का रुख कर रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया हिमाचल में नवंबर माह में अभी तक लगभग 83 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है और आगामी दिनों में भी मौसम साफ बने रहने के आसार हैं। आगामी दिनों में भी कोई ख़ास बदलाव देखने को नहीं मिलने वाले हैं।


