ऑनलाइन फूड डिलीवरी की बढ़ी कीमतें : जोमैटो के बाद अब स्विगी ने भी बढ़ाया प्लेटफॉर्म शुल्क, हर ऑर्डर पर ढीली होगी ग्राहकों की जेब

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय व्यापार

एजेंसी, दिल्ली। प्रमुख ऑनलाइन खाना मंगाने की सुविधा देने वाले मंच स्विगी ने ग्राहकों से वसूले जाने वाले ‘प्लेटफॉर्म शुल्क’ में 17 प्रतिशत का इजाफा कर दिया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब उपभोक्ताओं को प्रत्येक ऑर्डर पर 17.58 रुपये का प्लेटफॉर्म शुल्क चुकाना होगा। स्विगी का यह निर्णय उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी कंपनी जोमैटो द्वारा हाल ही में कीमतें बढ़ाए जाने के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है।

स्विगी के ऐप पर मंगलवार को अपडेट किए गए शुल्कों के मुताबिक, अब हर ऑर्डर पर जीएसटी सहित 17.58 रुपये लिए जा रहे हैं। इससे पहले स्विगी ने पिछले साल सितंबर के महीने में अपने प्लेटफॉर्म शुल्क में वृद्धि की थी।

वहीं दूसरी ओर, जोमैटो वर्तमान में बिना जीएसटी के 14.90 रुपये का शुल्क ले रहा है। स्विगी द्वारा की गई इस ताजा बढ़ोतरी के बाद अब दोनों बड़ी कंपनियों का प्रभावी प्लेटफॉर्म शुल्क लगभग एक समान (करीब 17.58 रुपये प्रति ऑर्डर) हो गया है। गौरतलब है कि जोमैटो ने भी 20 मार्च को अपने प्लेटफॉर्म शुल्क में 2.40 रुपये की बढ़ोतरी की थी, जिससे उसका शुल्क बढ़कर 14.90 रुपये (बिना टैक्स के) हो गया था।

ये भी पढ़े : भोपाल नगर निगम का ₹3938.45 करोड़ का बजट पेश : जनता पर नहीं लगा कोई नया टैक्स, पुराने वादे अब भी अधूरे

प्लेटफॉर्म शुल्क वह तय राशि होती है जो ग्राहकों से डिलीवरी चार्ज और रेस्टोरेंट के बिल के अतिरिक्त ली जाती है। कंपनियां इस राशि का उपयोग अपने परिचालन खर्चों, तकनीकी रखरखाव और ग्राहक सहायता जैसी सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए करती हैं। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिससे डिलीवरी की लागत बढ़ गई है। कंपनियां इसी अतिरिक्त खर्च का बोझ अब ग्राहकों पर डाल रही हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply