स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का पूरा प्रशासनिक कार्य अब एचआरएमआइएस से होगा

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग एक होने के बाद अब अधिकारियों-कर्मचारियों की सुविधा के लिए अब विभागीय ह्यूमन रिसोर्स मैनजमेंट इन्फार्मेशन सिस्टम (एचआरएमआइएस) बनाने की तैयारी है। इसके माध्यम से अधिकारी-कर्मचारी स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। साथ ही छुट्टी का आवेदन और इसका पूरा हिसाब-किताब इसमें रहेगा। अस्पतालों में सार्थक एप पर दर्ज होने वाली उपस्थिति को भी एचआरएमआइएस से जोड़ा जाएगा। यह साफ्टवेयर बनाने का काम चल रहा है। स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग में मिलाकर लगभग 80 हजार अधिकारी-कर्मचारी हैं।

इनमें लगभग 30 हजार कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत काम कर रहे हैं। कर्मचारियों की संख्या अधिक होने के कारण उनकी सेवा का पूरा विवरण अब साफ्टवेयर में रखा जाएगा। इसका लाभ अधिकारियों-कर्मचारियों के अतिरिक्त विभाग को भी होगा। हर अधिकारी-कर्मचारी की सेवा संबंधी जानकारियां कुछ पल में सामने आ जाएंगी। यहीं नहीं, उनकी जानकारियां एक जगह भी रहेंगी। दरअसल, दोनों का एकीकरण होने के बाद भी कई मामलों में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग अभी पहले की तरह अलग-अलग ही काम कर रहे हैं। एचआरएमआइएस शुरू होने पर अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यकता के अनुसार एक से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा सकेगा।

कर्मचारियों-अधिकारियों को यह होगा लाभ

  • स्थानांतरण, छुट्टी आदि के लिए आनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
  • आवेदनों की स्थिति जान सकेंगे।
  • प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी और आवेदन किया जा सकेगा।
  • इसमें प्रमुख इवेंट की जानकारी भी दी जाएगी।
  • आंतरिक भर्ती और पदोन्नति की जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।

विभाग को यह होगा लाभ

  • हर कर्मचारी का पूरा विवरण पोर्टल पर रहेगा।
  • किस अधिकारी-कर्मचारी ने कितनी छुट्टी ली, कब-कब स्थानांतरण किया गया, यह भी पता चल जाएगा।
  • अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का विवरण भी एचआरएमआइएस से मिल जाएगा।
  • कर्मचारियों की संख्या जरूरत से कहां अधिक और कहां कम है, यह भी पता करना आसान होगा।

Leave a Reply