एजेंसी, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहला ब्लाइंड महिला टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कामयाबी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर भारतीय टीम की कामयाबी की सराहना करते हुए पोस्ट में लिखा, “कड़ी मेहनत, टीम प्रयास और पक्के इरादे का एक शानदार उदाहरण” बताते हुए कहा, “हर खिलाड़ी एक चैंपियन है!” और भरोसा जताया कि टीम की यह कामयाबी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी।” प्रधानमंत्री ने लिखा, “यह वाकई एक ऐतिहासिक खेल कामयाबी है। टीम को उनके आगे के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीम की इस ऐतिहासिक जीत की तारीफ की और इसे देश के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, “भारतीय खेलों के लिए एक ऐतिहासिक दिन। नेत्रहीनों के लिए महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों के “देश के लिए सम्मान जीतने के इरादे और लगन” को दिखाती है। आपकी कामयाबी पर आज हमारा तिरंगा गर्व से और ऊंचा लहरा रहा है।” भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव देवजीत सैकिया ने भी टीम को बधाई दी और कहा कि पहला नेत्रहीन महिला टी-20 वर्ल्ड कप ‘काबिलियत’ की सीमाओं को फिर से तय करता है और भारत और दुनिया भर में दिव्यांग एथलीटों को प्रेरित करता है।” उल्लेखनीय है कि भारत ने रविवार को कोलंबो के पी. सारा ओवल में खेले गए फाइनल मुकाबले में नेपाल को सात विकेट से हराया। भारतीय टीम ने नेपाल को 20 ओवर में पांच विकेट पर 114 रन पर रोकने के बाद, 12.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 117 रन बनाकर खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम श्रीलंका, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका वाली छह टीमों के टूर्नामेंट में कोई भी मुकाबला नहीं हारी।


