स्थापना दिवस एक कार्यक्रम नहीं,

स्थापना दिवस एक कार्यक्रम नहीं, कार्यकर्ताओं के तप-त्याग का उत्सव है- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

स्थापना दिवस एक कार्यक्रम नहीं, कार्यकर्ताओं के तप-त्याग का उत्सव है- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

– स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में बूथ स्तर पर हुए विभिन्न आयोजन
– भाजपा का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है
– भाजपा की यात्रा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि वैचारिक और आध्यात्मिक साधना है
– पार्टी कार्यालय हम सभी के लिए मंदिर और हमारे कार्य का आधार होते हैं- डॉ. मोहन यादव
– आज जिन कार्यालयों का भूमिपूजन हुआ, अगले स्थापना दिवस पर उनका लोकार्पण होगा- हेमंत खण्डेलवाल
– हमारी कूटनीति इतनी सुदृढ़ कि विश्वभर में हलचल, हमारी जीडीपी लगातार बढ़ रही
– चुनौतियों को स्वीकार कर राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें कार्यकर्ता- अजय जामवाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वाजारोहण कर 14 जिलों में पार्टी कार्यालय भवनों का वर्चुअली भूमि-पूजन एवं 3 जिलों में कार्यारंभ कर किया संबोधित

एजेंसी, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वाजारोहण कर 14 जिलों में पार्टी कार्यालय भवनों का वर्चुअली भूमि-पूजन एवं 3 जिलों में कार्यारंभ कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस बहुत ही उत्साह और उमंग वाला दिन है। भाजपा का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। भारतीय जनता पार्टी की यात्रा हमारे लिए केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक वैचारिक और आध्यात्मिक साधना है। साम्यवाद और पूंजीवाद के बीच भाजपा ने राष्ट्रहित की राह को चुना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, हमारे आदर्श, हमारे लक्ष्य, हमारे कार्य करने का तरीका और हमारी सोच सब राष्ट्रवाद पर आधारित हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 6 अप्रैल पार्टी का केवल स्थापना दिवस नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और संकल्प का उत्सव है। आज पार्टी के जिन जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया है, अलगे वर्ष यानी वर्ष 2027 में स्थापना दिवस पर उन सभी जिला कार्यालयों का लोकार्पण किया जाएगा। जनसंघ की स्थापना के समय वर्ष 1952 में हमारी पार्टी की जो विचारधारा थी, उसमें आज तक कोई परिवर्तन नहीं आया है, इसलिए विश्व का सबसे बड़ी राजनैतिक दल बन गई है। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा का सफर वर्ष 1980 से शुरू हुआ और 2026 तक जो विकास की यात्रा हम लोगों ने आगे बढ़ाई आज वह देश-दुनिया के लिए एक प्रेरणादायी बन गई है। आज हमारा देश और हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमारी कूटनीति और राजनीति इतनी सुदृढ़ है कि विश्वभर में इसकी हलचल महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की जीडीपी लगातार बढ़ रही है। हमारी सरकार ने मध्यप्रदेश के साथ देशभर में महंगाई और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखा है।

हमारे आदर्श, लक्ष्य व कार्य के तरीके सब राष्ट्रवाद पर आधारित-डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज भाजपा का स्थापना दिवस बहुत ही उत्साह और उमंग वाला दिन है। पार्टी कार्यालय हम सभी के लिए मंदिर और हमारे कार्य का आधार होते हैं। आज हम सभी के लिए बहुत बड़ा दिन है कि एक साथ चौदह जिला कार्यालयों का भूमिपूजन और तीन जिला कार्यालयों पर कार्यरंभ हुआ है। एक साथ इतने जिलों में ऐसा कार्य करके प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कमाल कर दिया है, इसके लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं। हमारे बीच में से जो प्रमुख कार्यकर्ता जिन्हें अपना पूरा जीवन पार्टी को दिया वह हमारे बीच में आज नहीं है, आज उनके परिवार के सदस्यों का स्वागत और सम्मान करते हुए मुझे अत्यंत खुशी का अनुभव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी की यात्रा हमारे लिए केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक वैचारिक और आध्यात्मिक साधना है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इसे परमात्मा के कार्य के रूप में मानकर समर्पण भाव से जुड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारे आदर्श, लक्ष्य, कार्य करने का तरीका और हमारी सोच सब राष्ट्रभाव पर आधारित हैं। वैश्विक राजनीति के परिदृश्य में जब अधिकांश राजनीतिक दल अपने स्वार्थ और सत्ता के इर्द-गिर्द केंद्रित थे, तब हमारे सामने यह प्रश्न था कि राजनीति की दिशा क्या होनी चाहिए। एक ओर साम्यवाद और दूसरी ओर पूंजीवाद की दो धाराओं के बीच स्वतंत्रता के बाद भारत के सामने यह चुनौती थी कि उसका लक्ष्य क्या हो और उसकी राजनीतिक दिशा कैसी हो। भारतीय जनता पार्टी ने इसी संदर्भ में राष्ट्रनिष्ठा और समर्पण की राह को चुना। कई लोगों ने हमारा मजाक भी बनाया, लेकिन हमने उसकी परवाह नहीं की। उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए, हम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के उस विचार पर अडिग रहे कि हमारा राष्ट्र केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं हो सकता। सच्चे अर्थों में राजनीति का अंतिम उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।

भाजपा सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार लगातार किसानों के हित में कार्य कर रही है। कांग्रेस के समय प्रदेश में साढ़े सात लाख हेक्टर सिंचाई का रकबा था, जो आज बढ़कर 55 लाख हेक्टर का हो गया है। वर्ष 2003 से पहले मध्यप्रदेश में कांग्रेस के शासनकाल में समर्थन मूल्य पर गेहूं की नाम मात्र की खरीदी की जाती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार 10 अप्रैल से 2625 रुपए क्विंटल में गेहूं खरीदी शुरू कर रही है। सरकार सबसे पहले छोटे किसानों का गेहूं खरीदेगी, यह हमारी प्रतिबद्धता है। सिंचाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में भी व्यापक सुधार हुआ है। हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। एक समय ऐसा भी आया जब न्यायपालिका के निर्णय पर प्रश्न खड़े हुए, विशेषकर इंदिरा गांधी को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद उनकी अयोग्यता के मामले पर हमारे दल ने सभी को साथ लेकर स्पष्ट कहा कि जिसे न्यायालय ने अयोग्य घोषित किया है, उसे पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। इसी संघर्ष ने लोकतंत्र की रक्षा की एक लंबी लड़ाई का इतिहास रचा। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमारे हजारों कार्यकर्ता ‘लोकतंत्र सेनानी’ बनकर जेलों में गए और उन्होंने अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्हें यह भी ज्ञात नहीं था कि आने वाला कल क्या होगा, फिर भी वे लोकतंत्र, न्याय और राष्ट्रहित की लड़ाई में डटे रहे।

जनसंघ से खड़ा हुआ संगठन, जनता पार्टी में विलय के दौरान ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर अडिग रहा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनसंघ के समय खड़ा हुआ संगठन, जनता पार्टी में विलय के दौरान भी ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर अडिग रहा। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना कर हमने अपनी मूल वैचारिक धारा को बनाए रखते हुए आगे बढ़ने का संकल्प लिया, यही हमारी पहचान है। फीनिक्स पक्षी की कथा हम सुनते आए हैं, जो राख से पुनः जन्म लेता है। वह केवल एक कहानी हो सकती है, लेकिन जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी का पुनर्जन्म हमने साकार रूप में देखा है, एक अमर पक्षी की तरह, जो हर चुनौती के बाद और अधिक सशक्त होकर उभरा है। हम जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। यही कारण है कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का वह कथन आज भी प्रेरणा देता है कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ऐसा होता है, जिसके रोम-रोम से राष्ट्रवाद की भावना प्रकट होती है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का समर्पण अद्भुत है। उनके त्याग, तप और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण हर परिस्थिति में देखने को मिलता है। हमारे नेताओं का चरित्र और उनका दर्शन भी उतना ही प्रेरणादायी है।

ये भी पढ़े : सतपुड़ा टाइगर रिजर्व : बाघों की आपसी जंग में 4 महीने के शावक की मौत, शरीर पर मिले चोट के गहरे निशान

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply