स्किल डेवलपमेंट स्कैम में पूर्व CM चंद्रबाबू गिरफ्तार, घोटाले में CBI ने दर्ज कर रखी है FIR

आंध्र प्रदेश राष्ट्रीय राष्ट्रीय

हैदराबाद| स्किल डेवलपमेंट स्कैम में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को शनिवार गिरफ्तार कर लिया गया। आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। चंद्रबाबू को तब गिरफ्तार किया जब वे नंदयाल शहर में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद एक बस में आराम कर रहे थे। सीआईडी अधिकारी, नंदयाल जिला पुलिस और कुर्नूल रेंज डीआईजी रघुरामी रेड्‌डी की अगुआई में उस कैंप साइट पर पहुंचे जहां नायडू ठहरे हुए थे। वहीं, आंध्र प्रदेश पुलिस ने चंद्रबाबू के बेटे पारा लोकेश को ईस्ट गोदावरी जिले से हिरासत में लिया है। लोकेश यहां पदयात्रा कर रहे थे। उन्हें विजयवाड़ा नहीं जाने दिया गया। स्किल डेवलपमेंट स्कैम 250 करोड़ रुपये से ज्यादा के घोटाले से जुड़ा हुआ है।

सीबीआई ने 9 दिसंबर, 2021 को स्किल डेवलपमेंट घोटाले मामले में एफआईआर दर्ज की थी। इसमें 25 लोगों को आरोपी बनाया गया था। हालांकि, इस एफआईआर में नायडू का नाम नहीं था। इस साल मार्च में सीआईडी ने स्किल डेवलपमेंट घोटाले की जांच शुरू की थी। सीआईडी का दावा है कि जांच में जो बातें सामने आई हैं, उनके आधार पर चंद्रबाबू को गिरफ्तार किया गया है। सीआईडी अधिकारी, नंदयाल जिला पुलिस और कुर्नूल रेंज डीआईजी रघुरामी रेड्‌डी नंदयाल शहर पहुंचकर उन्होंने नायडू को गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन पार्टी समर्थकों ने उन्हें रोक लिया। पुलिस और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। जब कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने कुछ को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पूर्व सीएम नायडू को मेडिकल जांच के लिए नंदयाल अस्पताल ले जाया जाना था, लेकिन उनके मना करने के बाद कैंप साइट पर ही उनका मेडिकल चेकअप किया गया। यहां से उन्हें विजयवाड़ा ले जाया गया है। जहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply