सैफ की बॉडी पर 6 घाव, रीढ़ की हड्डी से निकाला गया चाकू का टुकड़ा, पुलिस ने की एक आरोपी की पहचान

बॉलीवुड मनोरंजन महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय राष्ट्रीय

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला मामले में मुंबई पुलिस ने एक बड़ा अपडेट दिया है। पुलिस के मुताबिक, अब तक हुई जांच में आरोपी की पहचान हो गई है। आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा और सीढ़ी से भागा गया। बता दें कि रात करीब 2 बजे के आस-पास सैफ अली खान पर उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया कर दिया था। एक्टर को गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा। घटना के बाद सैफ को रात में ही लीलावती हॉस्पिटल लाया गया। लीलावती अस्पताल के सीओओ डॉ. नीरज उत्तमानी ने एक बयान में कहा कि खान पर उनके बांद्रा स्थित घर में एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला किया और उन्हें तड़के साढ़े तीन बजे अस्पताल लाया गया। डॉ. उत्तमानी ने कहा, सैफ पर चाकू से छह वार किए गए।

उनके दो घाव गहरे हैं जिनमें से एक उनकी रीढ़ की हड्डी के पास है। न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. लीना जैन और एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. निशा गांधी के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम उनका ऑपरेशन कर रही है। डॉ. उत्तमानी ने बताया, सर्जरी अभी जारी है। उन्हें छह चोट आई हैं, जिनमें से दो मामूली और दो गहरी हैं। उन्होंने कहा कि अभिनेता के बाएं हाथ की कलाई पर एक गहरा घाव है और इसके लिए प्लास्टिक सर्जन की जरूरत है। सैफ की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर की टीम ने एक बयान में कहा, सैफ अली खान और उनकी पत्नी करीना कपूर खान के घर में कल रात चोरी की कोशिश की गई। सैफ के हाथ में चोट लगी है, जिसके इलाज के लिए वह अस्पताल में हैं। परिवार के अन्य सदस्य ठीक हैं।

सैफ अली खान पर हमले के बाद विपक्षी नेता बोले-महाराष्ट्र में तो सेलिब्रिटी भी सुरक्षित नहीं

मुंबई। विपक्षी नेताओं ने बृहस्पतिवार को कहा कि बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर एक घुसपैठिए द्वारा चाकू से हमला करने की घटना बताती है कि राज्य में मशहूर हस्तियां भी सुरक्षित नहीं हैं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कहा, ‘‘कोई भी सुरक्षित नहीं है। आम लोगों की तो बात ही छोड़िए…। यहां तक ​​कि जिन मशहूर हस्तियों के पास अपनी सुरक्षा है, वे भी सुरक्षित नहीं हैं। पद्मश्री से सम्मानित किए जा चुके सैफ अली खान ने हाल ही में अपने परिवार के साथ दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। राउत ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य में पुलिस को ज्यादातर राजनेताओं की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाता है, ‘‘खासकर जो दलबदल करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कानून का कोई डर नहीं है। सरकार बेनकाब हो गई है।’’ कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि आज की घटना और बीड में हुई घटना यह दर्शाती है कि प्रशासन असामाजिक तत्वों के लिए काम कर रहा है। बीड में एक ऊर्जा कंपनी से पैसे वसूलने के प्रयास को कथित रूप से विफल करने पर एक गांव के सरपंच की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर अभिनेता सैफ अली खान और सलमान खान जैसे लोग जो उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में रहते हैं, उन पर हमला किया जा रहा है और उन्हें बुलेटप्रूफ खिड़कियां लगाने की जरूरत है, तो इसका मतलब है कि सरकार पर किसी को भरोसा नहीं है। हाल ही में सलमान खान के बांद्रा स्थित फ्लैट की बालकनी के बाहर बुलेटप्रूफ ग्लास पैनल लगाया गया है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो सदस्यों ने पिछले साल अप्रैल में सलमान के घर के बाहर गोलीबारी की थी। लोंधे ने नागपुर का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अगर इतने बड़े लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोग क्या करेंगे? यहां तक ​​कि गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह नगर में भी पिछले दस दिनों में कई हत्याएं और बलात्कार हुए हैं।’’ मुख्यमंत्री फडणवीस के पास गृह विभाग भी है। लोंधे ने कहा, ‘‘इससे साफ पता चलता है कि फडणवीस महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रहे हैं।’’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने खान पर हमले पर चिंता जताई। राकांपा (एसपी) के एक अन्य नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि सैफ अली खान जैसे बड़े स्टार पर हमला बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कलाकारों को भयमुक्त माहौल मुहैया कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply