एनसीपी ने सुनेत्रा पवार को चुना अजित पवार का उत्तराधिकारी, डिप्टी सीएम बनाने के लिए सौंपा जाएगा प्रस्ताव

एनसीपी ने सुनेत्रा पवार को चुना अजित पवार का उत्तराधिकारी, डिप्टी सीएम बनाने के लिए सौंपा जाएगा प्रस्ताव

देश/प्रदेश महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई। महाराष्ट्र के दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार की पार्टी ने उत्तराधिकारी के तौर उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार का नाम आगे किया है। एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और पार्टी के दिग्गज नेता छगन भुजबल के अनुसार बीजेपी को सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाने का प्रस्ताव सौंपा जाएगा। सुनेत्रा पवार अभी राज्यसभा की सांसद है। अगर वह डिप्टी सीएम बनती हैं तो वह अजित पवार की बारामती सीट से लड़कर विधायक बन जाएंगी। एनसीपी के दोनों नेताओं ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात में उन्हें डिप्टी सीएम बनने का आग्रह किया। यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के महाराष्ट्र विधानसभा में 41 विधायक हैं।

उम्र में दूसरे नंबर पर हैं सुनेत्रा
पवार फैमिली से राजनीति में आधा दर्जन लोग सीधे तौर पर सक्रिय हैं। इनमें शरद पवार जहां सबसे बड़े हैं, तो वहीं सुनेत्रा पवार इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं। वह बारामती में सुप्रिया सुले के सामने चुनाव लड़ चुकी हैं, हालांकि तब वह हार गई थीं, लेकिन इसके बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने उन्हें राज्यसभा का सदस्य बना दिया था। अब अजित पवार के एकाएक नहीं रहने के बाद उनके परिवार में वह सबसे बड़ी है। इतना ही नहीं वह सुप्रिया सुले से भी उम्र में बड़ी हैं। सुनेत्रा पवार 28 जून, 2024 को राज्यसभा के चुनी गई थी। ऐसे में वह 19 महीने से केंद्र की राजनीति में सक्रिय हैं। वह संसद की कई कमेटियों की सदस्य भी हैं। जब वे राज्यसभा के लिए चुनी गई थीं तब उनके केंद्र में मंत्री बनने की संभावना जताई गई थी।

कितनी पढ़ी-लिखी हैं सुनेत्रा
सुनेत्रा पवार स्नातक हैं। उन्होंने औरंगाबाद के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय से बी कॉम की पढ़ाई की है। उन्होंने यहां से अपनी पढ़ाई 1983 में पूरी की थी। इसके बाद वह 1985 में अजित पवार के साथ विवाह बंधन में बंधी थीं। इसके अलावा वह विद्या प्रतिष्ठान की ट्रस्टी भी हैं। इतना ही नहीं वह 2017 से सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय से बतौर सीनेट सदस्य जुड़ी हैं। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला भी नहीं है। सुनेत्रा पवार पूर्व राज्य मंत्री और लोकसभा सांसद पद्मसिंह पाटिल की बेटी हैं। सुनेत्रा का जन्म उस्मानाबाद (अब धाराशिव) में 18 अक्टूबर, 1963 को हुआ था। वह राजनेता होने के साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिया हैं। वह बारामती टेक्सटाइल कंपनी की अध्यक्ष और एनवायरनमेंटल फोरम ऑफ इंडिया की सीईओ हैं। उनके दो बेटे हैं। इनके नाम पार्थ पवार और जय पवार हैं। पार्थ और जय ने ही अजित पवार को मुखाग्नि दी थी।

ये भी पढ़े : द्वारका अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, खाली करवाया गया परिसर
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply