एजेंसी, मध्यप्रदेश। सरकार विधानसभा सत्र की तैयारियों में जुट गई है। सोमवार को कैबिनेट बैठक से पहले चर्चा में उक्त विषय पर विस्तार से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से बात की। कहा कि सरकार हर वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग समेत हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष यदि झूठी दलीलें देता है तो अपने-अपने विभागों में किए विकास के कामों का आईना दिखाने में पीछे न रहें। सीएम डॉ. यादव ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पखवाड़े पर होने वाले कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा, जबलपुर और आलीराजपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जबलपुर में होने वाले आयोजन में वर्चुअली शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर भी समीक्षा की गई।
कैबिनेट में इन पर भी सरकार ने की चर्चा
भावांतर की राशि 13 को देंगे: मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को बताया कि भावांतर योजना के तहत मॉडल रेट अब रोज निकाल रहे हैं, जो किसान अब तक उपज बेच चुके हैं, उन्हें सोयाबीन के मॉडल रेट व समर्थन मूल्य के बीच के अंतर की राशि 13 नवंबर को देवास से देंगे।
31 मार्च 2026 तक नक्सल पर पूर्ण नियंत्रण: 14 लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली सुनीता ने समर्पण कर दिया है, जिस पर भी चर्चा हुई। सीएम ने कहा, गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक नक्सल पर पूर्ण नियंत्रण पाना है।
सीएस ने दिए ये भी निर्देश
सीएस ने कहा, हर जिले, विकासखंड और ग्राम पंचायत में गौरव दिवस मनाया जाए। बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों का समान कार्यक्रम हों। योजनाओं, नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाए। विद्यार्थी, कलाकार और समाज के मुखियाओं का समान और योजनाओं पर फोकस करें।


