सिंगरौली

सिंगरौली में नाबालिग की हत्या पर भड़का गुस्सा : थाने में तोड़फोड़ और आगजनी के बाद पुलिस का लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े

देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश सिंगरौली

एजेंसी, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या के बाद बुधवार देर शाम जबरदस्त हिंसा और तनाव फैल गया। नाबालिग का शव बरामद होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और वे सड़कों पर उतर आए। उग्र भीड़ ने पहले मोरवा थाने में जमकर हंगामा किया और फिर हत्या के एक आरोपी के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि वाहन देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

आक्रोशित भीड़ इसके बाद मोरवा थाने के मुख्य द्वार पर जमा हो गई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। जानकारी के अनुसार, नाबालिग दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ था। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन बुधवार शाम जब उसका शव मिला तो लोग भड़क उठे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती के कारण यह घटना हुई। थाने पर हमला और पथराव प्रदर्शन ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब भीड़ ने थाने के गेट पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उत्तेजित लोगों ने थाना परिसर के अंदर खड़े पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिस टीम पर पथराव किया। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर मिर्ची पाउडर भी फेंका और पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश की। बिगड़ते हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। रात करीब 10 बजे भीड़ ने आरोपी पंकज गुप्ता के घर के बाहर खड़ी एक अन्य कार में भी आग लगा दी। फिलहाल पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर रही है और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

ये भी पढ़े : ईरान के निशाने पर दुबई : यूएई पर अब तक 1,475 ड्रोन और 270 मिसाइलों से हमला, सुरक्षा तंत्र हाई अलर्ट पर

रंग लगाने के विवाद में हत्या पुलिस जांच में सामने आया है कि साईंनगर निवासी 15 वर्षीय पवन शाह की हत्या उसके ही दोस्तों ने की है। आरोपी सुधांशु गुप्ता, पवन और इरशाद उसे शराब पिलाने के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गए और वहां गला दबाकर उसकी जान ले ली। बताया जा रहा है कि होली के दिन रंग लगाने को लेकर पवन का आरोपियों से विवाद हुआ था, इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पवन 9 मार्च से लापता था और बुधवार को उसका शव एक सूने मकान में क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव को ठिकाने लगाने की थी योजना सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने शव को एक काली प्लास्टिक की पन्नी में बांधकर छिपा रखा था। उनका प्लान था कि रात के अंधेरे में शव को जंगल ले जाकर जला दिया जाए ताकि कोई सबूत न बचे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने शव बरामद कर लिया और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात फिलहाल सिंगरौली के इस इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और कानून को हाथ में न लेने की अपील की है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply