मुंबई. शाहरुख खान के फैंस के लिए एक खुशखबरी है जो ‘जवान’ से जुड़ी है. साउथ के स्टार निर्देशक एटली कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जवान’ के म्यूजिक राइट्स को लेकर बड़ी खबर आ रही है. खबर है कि इस फिल्म के म्यूजिक राइट्स टी-सीरी ज ने 36 करोड़ रुपए में खरीद लिए हैं. म्यूजिक राइट्स के लिए टी-सीरीज ने भारीभरकम रकम अदा दी है. ‘जवान’ के म्यूजिक राइट्स ने 36 करोड़ की जबरदस्त डील के साथ इंडस्ट्री में पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इसी साल की शुरुआत में ‘पठान’ के साथ बॉक्स ऑफिस को हिला कर रख देने वाले शाहरुख खान के खाते में इस डील ने एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है.
‘पठान’ के बाद ‘जवान’ को लेकर शाहरुख के फैंस काफी एक्साइटेड हैं. दिलचस्प है कि शाहरुख की इस फिल्म में साउथ इंडस्ट्री के कई सितारे नजर आने वाले हैं. शाहरुख खान के साथ इस फिल्म में नयनतारा और विजय सेतुपति भी नजर आने वाले हैं. इस डीन ने शाहरुख की स्टार पावर को फिर से साबित कर दिया है. 5 साल से सिनेमा से दूर रहे शाहरुख ने ‘पठान’ से हंगामा मचा दिया है. अब उनकी ‘जवान’ को लेकर भी काफी हाइप तैयार हो रही है. रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के प्रोडक्शन में बन रही ये फिल्म इसी साल 7 सितंबर को रिलीज होने जा रही है.


