विस में उठाया कांग्रेस ने बैतूल में आदिवासी युवक को नग्न कर पीटने का मामला

प्रादेशिक बैतूल भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल। बैतूल में फिर आदिवासी युवक को नग्न कर छत से उलटा लटकाकर पीटने का मामला कांग्रेस ने बुधवार को विधानसभा में उठाया। प्रश्नकाल के बाद रामनिवास रावत ने कहा कि आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसको लेकर स्थगन की सूचना दी है, जिसे स्वीकार कर सदन में चर्चा कराई जाए। हालांकि, देरी से सूचना प्राप्त होने का हवाला देते हुए चर्चा नहीं कराई गई। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश को शर्मसार करने की घटना एक बार फिर सामने आई है। विधानसभा चल रही है और सरकार चुप्पी साधे है, जो आदिवासियों के प्रति उसकी संवेदनशीलता बताती है।

मध्य प्रदेश विधानसभा में रामनिवास रावत के अलावा डा. हिरालाल अलावा ने इस मामले को उठाते हुए कहा कि आदिवासी युवक के साथ बर्बरता हुई है। रस्सी से बांधकर छत पर उलटा लटकाया। हाथ-पांव बांधे और फिर डंडों, बेल्ट से पीटा गया। इसके पहले भी बैतूल में ही घटना सामने आई थी। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि स्थगन सूचना को संबंधित विभाग को भेजा गया है। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग भी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। अपराधी प्रतिदिन आंख दिखा रहे हैं। सुनियोजित अपराध मध्य प्रदेश की पहचान बनते जा रहे हैं और सरकार इन्हें नियंत्रित करने में असफल है।

Leave a Reply