लोक नायक भवन

ईमेल के जरिए लोक नायक भवन को मिली बम की धमकी, इमारत खाली कराकर जांच में जुटी टीमें

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। लोक नायक भवन बम की धमकी : राजधानी के खान मार्केट इलाके में स्थित लोक नायक भवन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बुधवार को एक ईमेल के माध्यम से इमारत को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से पूरी बिल्डिंग को तुरंत खाली करा लिया गया और मौके पर राहत एवं बचाव दल तैनात कर दिए गए। दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, उन्हें दोपहर करीब 12 बजकर 35 मिनट पर इस खतरे की जानकारी मिली थी।

सुरक्षा जांच और पुलिस की कार्रवाई

धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, दमकल की गाड़ियां और विशेष टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता (डॉग स्क्वाड) पूरी इमारत की सघन तलाशी ले रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में परिसर के भीतर कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है।

ईमेल भेजने वाले की तलाश शुरू

जांच एजेंसियां अब उस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई हैं जिसके जरिए यह धमकी दी गई थी। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है। ज्ञात हो कि लोक नायक भवन एक महत्वपूर्ण इमारत है, जहां केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्यालय स्थित हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और तलाशी अभियान जारी है।

ये भी पढ़े : अमरनाथ यात्रा 2026 : 15 अप्रैल से शुरू होगा पंजीकरण, जानें आवेदन की प्रक्रिया और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी नियम

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply