लोकसभा

लोकसभा में एलपीजी संकट पर भारी हंगामा : ‘मोदी जी, एलपीजी’ के नारों के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। देश में एलपीजी की भारी किल्लत को लेकर शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में विपक्षी दलों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस और अन्य विपक्षी सदस्य एलपीजी के मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए सदन के बीचों-बीच आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के कारण सदन की बैठक को पहले दोपहर 12 बजे और फिर दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। विपक्षी सांसदों ने ‘मोदी जी, एलपीजी’ के नारे लगाकर सरकार को घेरने की कोशिश की।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने विपक्ष के इस व्यवहार पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी सदन की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। रीजीजू ने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर संसद परिसर में नाटक कर रहा है ताकि जनता का ध्यान भटकाया जा सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष संसद परिसर में बर्तन लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो संसदीय मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने साफ किया कि विपक्ष के इस नकारात्मक रवैये को देश की जनता देख रही है और उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

ये भी पढ़े : सलमान आगा की बेवकूफी, बांग्लादेश से दोस्ती निभाने के चक्कर में हो गए ‘कुर्बान’

वहीं, राज्यसभा में भी एलपीजी संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना साधा। तृणमूल कांग्रेस के सदस्य डेरेक ओ ब्रायन ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि साल 2014 में जो सिलेंडर 420 रुपये का था, वह अब 914 रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने सरकार के नारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जमीनी हकीकत विज्ञापनों से बिल्कुल अलग है। इसके अलावा सदन में फसल बीमा राशि के कम भुगतान और स्वास्थ्य बीमा कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं के शोषण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।

पीठासीन सभापति और लोकसभा अध्यक्ष ने बार-बार विपक्षी सदस्यों से सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल में जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाते हैं और इस तरह का गतिरोध लोकतंत्र के हित में नहीं है। सरकार की ओर से कहा गया कि विपक्षी दल अपने ही सांसदों के निजी विधेयकों पर चर्चा नहीं होने दे रहे हैं। फिलहाल, एलपीजी संकट और अन्य जनहित के मुद्दों पर संसद में टकराव की स्थिति बनी हुई है और दोनों पक्षों के बीच तीखी बयानबाजी जारी है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply