लाल किले से PM मोदी ने मणिपुर को दिलाया विश्वास, देश आपके साथ, विकसित राष्ट्र बनाएंगे

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली: देश के 77वें स्‍वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर 10वीं बार तिरंगा झंडा फहराया। उन्‍होंने देशवासियों को स्‍वतंत्रता दिवस की बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने भाषण में मणिपुर हिंसा, रिफॉर्म्स पर बात की। साथ ही अपनी सरकार के काम का 10 साल का हिसाब दिया। प्रधानमंत्री ने लोगों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि 2047 में देश जब स्वतंत्रता के 100 साल का जश्न मनाए तो हमारे देश का तिरंगा दुनिया में विकसित देश की पहचान के साथ लहराए। इस बार पीएम मोदी ने ‘मेरे प्रिय 140 करोड़ परिवारजन’ के साथ शुरुआत की। अपने 90 मिनट के भाषण में मोदी ने मेरे परिवारजन शब्द का 26 बार जिक्र किया।

लाल किले के प्रा‍चीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि देश मणिपुर के लोगों के साथ है। पूर्वोत्तर में विशेषकर मणिपुर में, जो हिंसा का दौर चला, कई लोगों को अपना जीवन खोना पड़ा। मां-बेटियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ हुआ। लेकिन कुछ दिनों से लगातार शांति की खबरें आ रही हैं। देश मणिपुर के लोगों के साथ है, मणिपुर के लोगों ने कुछ दिनों से जो शांति बनाए रखी है, उसको आगे बढ़ाए। शांति से ही समाधान का रास्ता निकलेगा। केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर उन समस्याओं के समाधान के लिए भरपूर प्रयास कर रही है और करती रहेगी।

पीएम मोदी ने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों को याद किया। उन्‍होंने कहा कि इस बार प्राकृतिक आपदा ने देश के अनेक हिस्सों में अकल्पनीय संकट पैदा किए। जिन परिवारों ने इस संकट को सहन किया है मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। राज्य-केंद्र सरकार मिलकर उन सभी संकटों से मुक्त होकर तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ेंगी, ये विश्वास दिलाता हूं।

लाल किले से पीएम मोदी ने अपनी सरकार के 10 सालों का हिसाब दिया। उन्‍होंने कहा कि हमने अलग आयुष मंत्रालय बनाया। आज योग और आयुष अलग परचम लहरा रही है। मत्स्य पालन हमारे कोटि-कोटि मछुआरों का कल्याण भी हमारे मन में है, इसलिए हमने अलग मंत्रालय की रचना की। देश के कोने कोने में हमने अलग सहकारिता मंत्रालय बनाया, ताकि गरीब से गरीब की सुनवाई वहां हो। हमने सहकार्य से योगदान का रास्ता निभाया है। हम जब 2014 में आए थे, तब वैश्विक अर्थव्यवस्था में 10वें नंबर पर थे। आज हम 5वीं अर्थव्यवस्था के नंबर पर पहुंच गए हैं।

उन्‍होंने कहा कि भ्रष्टाचार का राक्षस देश को दबोचे हुए थे। हमने ये सब बंद किया। मजबूत अर्थव्यवस्था बनाई। गरीब कल्याण के लिए ज्यादा से ज्यादा धन खर्च करने की योजना बनाई। आज देश का सामर्थ्य बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि मेरा सपना गांवों में दो करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का है। उन्‍होंने कहा कि आज भारत गर्व से कह सकता है कि सबसे ज्यादा महिला पायलट कहीं हैं, तो भारत में हैं। 2 करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य लेकर हम काम कर रहे हैं। हम नारी शक्ति को बढ़ावा देने पर काम कर रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि हम सबको एकता के भाव के साथ आगे बढ़ना है। हमें हमारे देश को विकसित देश के रूप में देखना है, तो श्रेष्ठ भारत को जीना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि आपने (देश की जनता) सरकार फॉर्म किया तो मोदी में रिफॉर्म की हिम्‍मत आई। पीएम मोदी ने कहा कि जब मोदी ने रिफॉर्म किए तो ब्योरोक्रेसी ने ट्रांसफर्मेशन करने के लिए परफॉर्म करने की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। इससे जनता जनार्दन जुड़ गया। इससे ट्रांसफॉर्म भी नजर आ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि एक हजार साल की गुलामी के बाद देश संवर रहा है। उन्‍होंने कहा कि वीरों ने इस कालखंड में कोई भूभाग ऐसा नहीं था…कोई समय ऐसा नहीं था जब उन्होंने देश की आजादी के लौ को जलता न रखा हो। मां भारती बेड़ियों से मुक्त होने के लिए उठ खड़ी हुई थी। जंजीरों को झकझोर रही थी। आखिरकार 1947 में देश में आजाद हुआ। 1000 साल की गुलामी में संजोये हुए सपने देश ने संवरते हुए देखा। मैं देख रहा हूं फिर एकबार देश के सामने एक मौका आया है। ये अमृतकाल का पहला वर्ष है, या तो हम जवानी में जी रहे हैं, या हम इस कालखंड में जी रहे हैं। सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय के लिए काम करेंगे।

Leave a Reply