टीकमगढ़| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्योपुर से प्रदेश की 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपए के हिसाब से 1897 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। इसमें लाड़ली बहना योजना की राशि के रूप में 1250 रुपए और 250 रुपए रक्षाबंधन के लिए शामिल है। सीएम डॉ. मोहन यादव शनिवार को श्योपुर जिले के विजयपुर में आयोजित ‘स्व-सहायता समूह सम्मेलन तथा रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से लाड़ली बहनों के खाते में रुपए भेजे और बहनों को शुभकामनाएं दीं। साथ 450 रुपए में गैस सिलेंडर रीफिल योजना के अंतर्गत 25 लाख से अधिक बहनों के खाते में 52 करोड़ रुपए भी ट्रांसफर किए। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को टीकमगढ़ में लाठियां घुमाईं। वे लाड़ली बहना उपहार और आभार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। यहां लाड़ली बहनों ने उन्हें 30 फीट लंबी राखी बांधी। सीएम ने कन्या पूजन किया। छोटी बच्ची को झूला भी झुलाया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। सीएम डॉ. मोहन ने जनसभा में कहा कि टीकमगढ़ के लिए सब कुछ मिलेगा, कांग्रेस ने कुछ नहीं दिया। सीएम ने किसानों से कहा कि अपनी जमीन मत बेचना। आने वाले समय में खेती से बहुत लाभ होगा। सरकार पशु पालकों के लिए भी बोनस चालू करेगी।
मृत्यु भोज और शादी में अनावश्यक खर्च न करें
सीएम ने कहा कि आप मृत्यु भोज और शादी विवाह में अनावश्यक खर्च न करें। पैसा बचाकर बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं। उन्होंने टीकमगढ़ की गुजिया और मुंगौड़ी की भी तारीफ की। कार्यक्रम में टीकमगढ़ जिले की करीब 25 हजार लाड़ली बहनें शामिल हुईं।
टीकमगढ़ में जल्द बनेगा मेडिकल कॉलेज
सीएम यादव ने कहा कि टीकमगढ़ में मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू होगा। बहुत जल्द ग्वालियर में इन्वेस्टर मीट होगी और उसके बाद सागर में इनवेस्टर्स मीट का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में उद्योग लगाने की चेन तैयार की जाएगी।
कांग्रेस सरकार ठन-ठन गोपाल थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय सरकार ठन-ठन गोपाल थी। 2003 से पहले मध्य प्रदेश का बजट केवल 20 हजार करोड़ का था। अब मध्यप्रदेश का बजट साढ़े 3 लाख करोड़ हो गया है। आने वाले समय में प्रदेश के बजट को दोगुना यानी करीब 7 लाख करोड़ किया जाएगा।
नागपंचमी पर कांग्रेस विधायक ने घुमाई लाठी
जबलपुर के बड़ी खेर माई मंदिर के पास शुक्रवार रात नाग पंचमी पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें अखाड़े के कलाकारों ने करतब दिखाए। कार्यक्रम में शामिल होने आए पूर्व मंत्री और विधायक लखन घनघोरिया भी पहुंचे। उन्होंने लाठी घुमाकर करतब दिखाए। लखन घनघोरिया का 56 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है।
बीजेपी विधायक ने भी घुमाई लाठी
पांच दिन पहले सोमवार को पूर्व मंत्री और पाटन विधायक अजय विश्नोई का भी लाठी घुमाते हुए वीडियो सामने आया था। अजय विश्नोई अपने विधानसभा क्षेत्र में सावन सोमवार के मौके पर शिव मंदिर पहुंचे थे। यहां पूजन के बाद वे अखाड़े में पहुंच गए। नाग पंचमी पर प्रदर्शन की तैयारी कर रहे पहलवानों से उन्होंने लाठी ली और जमकर घुमाई। विश्नोई का 11 सेंकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है। राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के राघौगढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान जब मुख्यमंत्री गदा घुमा रहे थे तभी गदा उनके बगल में खड़े विधायक रामनिवास रावत के सिर में लग गया था। राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के राघौगढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान जब मुख्यमंत्री गदा घुमा रहे थे तभी गदा उनके बगल में खड़े विधायक रामनिवास रावत के सिर में लग गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वीडियो सामने आया है। जिसमें रोड शो के दौरान वे गदा घुमा रहे हैं, तभी गदा का ऊपरी हिस्सा उनके बगल में खड़े विधायक रामनिवास रावत के सिर पर जा लगा। जिसके बाद सीएम ने फौरन गदा छोड़कर विधायक रामनिवास रावत का सिर सहलाया। फिर अपने सिर से पगड़ी उतारकर विधायक को पहना दी। ये वीडियो राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के राघौगढ़ का है। वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा का तलवार घुमाते हुए एक वीडियो सामने आया है। वीडियो मंदसौर बंजारी बालाजी में विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी के प्रशिक्षण शिविर का बताया जा रहा है। वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा विधानसभा में भ्रमण करते हुए शिविर में पहुंच गए, जहां बच्चों को तलवारबाजी करता देख उन्होंने भी तलवार थाम ली। इसके बाद अपने चिर परिचित अंदाज में कुछ देर तक तलवार घुमाते रहे।


