लंबे समय से बीमार चल रहे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का निधन

झारखंड देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चो के अध्यक्ष शिबू सोरेन का सोमवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। सोरेन गत 19 जून से यहां सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे और उन्होंने आज सुबह यहीं अंतिम सांस ली। वह लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। वह किडनी एवं हृदय संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए भर्ती हुए थे। उन्होंने आज सुबह अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। सोरेन के पुत्र एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर उनके निधन की जानकारी देते हुए लिखा ”आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए है। आज मैं शून्य हो गया हूं।” दिशोम गुरुजी के नाम से लोकप्रिय श्री सोरेन के निधन की खबर मिलते ही समूचे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गयी।

पिछले कई दिनों से राज्य में विभिन्न स्थानों और विशेष रुप से उनकी कर्मभूमि संताल परगना में लोग मंदिर , मस्जिद और गिरजाघरों में पूजा अनुष्ठान कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे थे। झारखंड मुक्ति मोर्चो के संस्थापक श्री सोेरेन पृथक राज्य के आंदोलन में लगातार संघर्षरत रहे और वर्ष 2000 में अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ। झारखंड में गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले सोरेन का जन्म रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में 11 जनवरी 1944 को हुआ था। उनके पिता सोबरन सोरेन शिक्षक थे लेकिन किसानी का काम भी करते थे। उनकी किसी ने हत्या कर दी थी जिसके कारण श्री शिबू सोरेन को अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी और वह कम उम्र से ही गरीबों पर अत्याचार , अन्याय , नशाबंदी तथा महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष की राह पर निकल पड़े। उन्हें मजदूरी तक करनी पड़ी। उन्होंने सदियों से शोषित , पीड़ित आदिवासी समाज को जागरुक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

दुमका से सांसद या विधायक चुने जाते रहे सोरेन
झामुमो के संस्थापक और मौजूदा राज्यसभा सदस्य सोरेन 1980 से 2019 तक दुमका से सांसद या विधायक चुने जाते रहे। वह दुमका लोकसभा क्षेत्र से आठ बार सांसद तथा जामतारा से एक विधायक चुने गए। वह दो बार राज्यसभा के सदस्य भी रहे। सोरेन तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में तीन बार कोयला एवं खान मंत्री भी रहे। पहली बार उन्हें 22 मई 2004 में केंद्रीय कोयला मंत्री बनाया गया। लेकिन तीस साल पुराने जामताड़ा के एक मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किये जाने की वजह 24 जुलाई 2004 को उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। हालांकि इस मामले में करीब एक महीने तक जेल में बंद रहने के बाद वे जमानत पर रिहा हुए। उसके बाद उन्हें फिर दूसरी बार 27 नवम्बर 2004 को पुनः कोयला एवं खान मंत्रालय की जिम्मेवारी दी गयी। लेकिन दो मार्च 2005 में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद दो मार्च 2005 को वे पहली बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने। लेकिन विधानसभा में बहुमत साबित नहीं कर पाने के कारण 12 मार्च 2005 को महज 10 दिन के भीतर ही उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना पड़ा।

तीसरी बार मनमोहन सरकार में कोयला मंत्री के रूप में शपथ
इसके बाद मनमोहन सरकार में पुन 29 जनवरी 2006 को सोरेन ने तीसरी बार कोयला मंत्री के रूप में शपथ ली। इस बार भी दुर्भाग्य ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। इस बीच दिल्ली की तीस हजारी अदालत ने उनके निजी सचिव शशिनाथ झा की हत्या के कथित आरोप से संबंधित एक मामले में उन्हें दोषी करार दे दिया। इस वजह से 29 नवंबर 2006 को उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। लेकिन 2007 में दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस हत्याकांड मामले में उन्हें बरी कर दिया। इसके करीब एक साल के बाद निर्दलीय विधायक मधु कोड़ा सरकार के गिर जाने की वजह से 28 अगस्त 2008 को शिबू सोरेन कांग्रेस, राजद व अन्य गैर भाजपा समर्थित विधायकों के समर्थन से दूसरी बार सांसद रहते राज्य के मुख्यमंत्री बने।

महज 114 दिन के भीतर ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा
छह महीने के भीतर विधानसभा का सदस्य बनने की अनिवार्यता के मद्देनजर तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में यूपीए ने उन्हें साझा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा। लेकिन इस उपचुनाव में पराजित होने की वजह से महज 114 दिन के भीतर ही 18 जनवरी 2009 को उन्हें मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसी साल 2009 में सम्पन्न झारखंड विधानसभा के चुनाव में राज्य में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिल पाया इस वजह से दुमका से सांसद रहते हुए वह भाजपा के समर्थन से 30 दिसम्बर 2009 में तीसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री चुने गये।

सम्पूर्ण जीवन बेहद उतार चढ़ाव भरा
लेकिन इस बार भी विवादों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार द्वारा लोकसभा में पेश एक प्रस्ताव का उनकी पार्टी ने समर्थन कर दिया। इस कारण भाजपा ने राज्य में उनसे समर्थन वापस ले लिया और इस वजह से उनकी सरकार गिर गयी। महज 153 दिन के भीतर 31 मई 2010 को तीसरी बार उन्हें मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे देना पड़ा। इस तरह उनका सम्पूर्ण जीवन बेहद उतार चढ़ाव भारा रहा। फिर भी वह कभी विचलित नहीं हुए। पिछले एक दशक से दिशोम गुरू शिबू सोरेन बीमार रहने के बावजूद पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते रहे।

शिबू सोरेन के सम्मान में पूरे दिन के लिए स्थगित रहेगी राज्यसभा की बैठक, 81 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और वर्तमान राज्यसभा सांसद स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए शुरू होने के तुरंत बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। 81 वर्षीय सोरेन का लंबी बीमारी के बाद सोमवार सुबह निधन हो गया। वे गुर्दे से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पिछले एक महीने से अधिक समय से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती थे। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही उपसभापति हरिवंश ने सोरेन के निधन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 11 मई,1944 को झारखंड के हजारीबाग जिले के निमरा गांव में जन्मे सोरेन ने गोला हाईस्कूल से मैट्रिक तक की पढ़ाई पूरी की थी। पेशे से किसान, सोरेन एक प्रमुख आदिवासी नेता थे, जिन्हें ‘बिशोम गुरू’ या ‘गुरूजी’ के नाम से जाना जाता था। उपसभापति ने कहा कि सोरेन ने झारखंड राज्य के गठन के लिए हुए आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हरिवंश ने बताया कि सोरेन ने अपने जीवनकाल में आदिवासी समुदाय के कल्याण और उत्थान के लिए अथक प्रयास किए।

वे आठ बार लोकसभा सांसद रहे और तीन बार (2005 से 2010 के बीच) झारखंड के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा, उन्होंने 2004 से 2006 तक तत्कालीन संप्रग सरकार में डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय कोयला मंत्री के रूप में भी कार्य किया। सोरेन तीन बार राज्यसभा के लिए चुने गए, जिसमें उनका वर्तमान कार्यकाल जून 2020 से शुरू हुआ था। उपसभापति ने कहा कि सोरेन ने अपने लंबे और प्रभावशाली संसदीय जीवन में सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दों पर संसद में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से देश ने एक अनुभवी सांसद, आदिवासी हितों के प्रबल समर्थक और सम्मानित जननेता को खो दिया। इसके बाद, सदन के सदस्यों ने कुछ क्षण मौन रखकर सोरेन को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि के बाद, उपसभापति ने सुबह 11 बजकर 4 मिनट पर सदन की कार्यवाही को मंगलवार, 5 अगस्त को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। सोरेन को श्रद्धांजलि देने के अलावा सदन में उस दिन कोई अन्य कार्यवाही नहीं हुई।

Leave a Reply