एजेंसी, बश्कोर्तोस्तान। रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक मेडिकल विश्वविद्यालय के छात्रावास में शनिवार को चाकू से हुए हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए। यह जानकारी भारत के दूतावास ने दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार 15 वर्षीय एक किशोर चाकू लेकर उफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। रूसी आंतरिक मंत्रालय के मुताबिक, हमलावर ने कई छात्रों को चाकू मारा। आंतरिक मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान हमलावर ने दो पुलिसकर्मियों को भी चाकू मार दिया, जबकि बाद में उसने खुद को भी घायल कर लिया। भारतीय दूतावास ने इस घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए कहा कि चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं।
ये भी पढ़े : मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर 6 की मौत, कंटेनर ने रौंदा : बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे
दूतावास ने बताया कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि घायल छात्रों को आवश्यक सहायता दी जा सके। रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में घायल चार लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर और तीन की हालत स्थिर बताई गई है। हमलावर को भी गंभीर हालत में एक स्थानीय बाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उफा प्रशासन ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। वहीं, रूसी टेलीग्राम चैनल ‘बाज़ा’ ने दावा किया है कि हमलावर एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा था और हमले के दौरान राष्ट्रवादी नारे लगा रहा था। चैनल ने यह भी दावा किया कि घटनास्थल पर पीड़ितों के खून से दीवार पर स्वस्तिक का निशान बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रावास में चारों ओर खून फैला हुआ था, जबकि घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।


