भोपाल| अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा पर भोपाल में अवध जैसा माहौल है। शुभ मुहूर्त में जैसे ही प्रभु श्री राम की पहली झलक लोगों ने टीवी पर देखी, उनके आंसू छलकने लगे। जय श्री राम का जयघोष होने लगा। श्रद्धालु नृत्य करने लगे। लोग एक-दूसरे का मुंह मीठा कराने लगे। महाआरती के साथ ही प्रसाद का वितरण हुआ। भंडारे भी शुरू हो गए। सोमवार सुबह से शहर में उत्सव जैसा नजारा है। शहर भर में राम धुन, भजन और अखंड रामायण की गूंज सुनाई दे रही है। मंदिरों और घरों में विशेष पूजा, सुंदर कांड सहित हनुमान चालीसा के पाठ हो रहे हैं। इससे पहले प्रभात फेरियां निकली गईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिन की शुरुआत तुलसी मानस प्रतिष्ठान स्थित श्री सिद्ध रघुनाथ मंदिर में सफाई से की। उन्होंने यहां पूजा-अर्चना भी की। इस मौके पर सीएम ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से भारत वंशी उत्साह में हैं। देश के साथ-साथ संपूर्ण विश्व का वातावरण राममय हो गया है। भारत के लिए आज का दिन बहुत सौभाग्य का है। देश एक नए सांस्कृतिक अनुष्ठान और एक नए पर्व की अंगड़ाई ले रहा है, भारत के लिए आज का दिन बहुत शुभ है।
शहर के मार्केट सजे, जगमगाएं प्रतिष्ठान ; रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर न्यू मार्केट भगवामय नजर आया। पुराने शहर में भी भगवा पताकाएं लहराती दिखीं। साथ ही व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों में रोशनी की। बाजार में रंगोली, दीपक और लाइटिंग हुई। चौक व्यापारी संघ के अध्यक्ष अभिषेक जैन ने बताया कि भगवान राम अयोध्या लौटने पर दिवाली मनाई गई थी। चौक में व्यापारियों का सबसे बड़ा त्योहार भी दीपावली है। इस दिन दुकानें सिर्फ ग्राहकों के स्वागत के रूप में खुलती हैं। ऐसे में हम राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर दिवाली की तरह खुशियां मनाएंगे।
5100 दीपों से सजेगा शिवालय : पुराने शहर के बड़वाले महादेव मंदिर में बाबा बटेश्वर का प्रभु श्री राम के स्वरुप में श्रृंगार किया जाएगा। वहीं, 5100 दीपों से पूरे मंदिर को सजाया जाएगा, मंदिर परिसर में भगवा बंधनवार लगाए गए हैं। गर्भ गृह में रंगोली और दीपमालाएं जलाई जाएगी। रात्रि 8 बजे श्रृंगार दर्शन कर महा आरती एवं प्रसाद वितरित होगा।


