केरोसिन

रसोई गैस की किल्लत दूर करने के लिए केंद्र का बड़ा कदम : अब पेट्रोल पंपों पर भी मिलेगा केरोसिन, नियमों में ढील के साथ स्टॉक रखने की मिली हरी झंडी

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। रसोई गैस की किल्लत दूर करने के लिए केंद्र का बड़ा कदम : केंद्र सरकार ने रविवार को एक अहम निर्णय लिया है जिसके तहत अब राशन की दुकानों के अलावा पेट्रोल पंपों पर भी केरोसिन उपलब्ध हो सकेगा। सरकार ने अधिकृत तेल कंपनियों को निर्धारित पेट्रोल पंपों से केरोसिन का स्टॉक रखने और उसे बांटने की मंजूरी दे दी है।

नियमों के मुताबिक, प्रत्येक जिले में राज्य सरकार या केंद्रशासित प्रदेश का प्रशासन अधिकतम 2 पेट्रोल पंपों का चयन करेगा जहां यह विशेष सुविधा दी जाएगी। इन चयनित पेट्रोल पंपों पर ज्यादा से ज्यादा 5 हजार लीटर तक केरोसिन जमा करके रखा जा सकेगा। सरकार ने आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के नियमों में 60 दिनों की ढील दी है, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक समय पर ईंधन पहुंच सके।

यह फैसला अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष को देखते हुए लिया गया है। मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में जारी युद्ध की वजह से भारत में गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की स्थिति बनी हुई है, जिस पर केंद्र सरकार लगातार अपनी चिंता जाहिर कर रही है।

नियमों में दी गई मुख्य छूट:

  • केरोसिन वितरण करने वाले एजेंटों और डीलरों को नया लाइसेंस लेने से छूट मिली है।

  • टैंकरों से केरोसिन की सप्लाई और उसे उतारने के नियमों को काफी सरल बनाया गया है।

  • पेट्रोल पंपों पर केरोसिन को जमा करने और बांटने की अस्थायी अनुमति प्रदान की गई है।

सरकार का दावा: कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। देशभर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की स्थिति सामान्य है। घरेलू जरूरतों को देखते हुए रिफाइनरियों में एलपीजी का उत्पादन भी बढ़ा दिया गया है। कुछ राज्यों में अफवाहों की वजह से पंपों पर भीड़ देखी गई, जिसे लेकर सरकार ने अपील की है कि लोग घबराकर खरीदारी न करें क्योंकि किसी भी चीज की कमी नहीं है।

ये भी पढ़े : पीएम मोदी मन की बात : वैश्विक युद्ध और ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने की राष्ट्र को एकजुट रहने की अपील

एलपीजी और गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति:

  • घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी कमी की कोई सूचना नहीं है।

  • एक दिन के भीतर 55 लाख से ज्यादा सिलेंडरों की डिलीवरी की गई है।

  • ऑनलाइन बुकिंग का आंकड़ा बढ़कर 94% तक पहुंच गया है।

  • सीएनजी और पीएनजी उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत की शत-प्रतिशत सप्लाई दी जा रही है।

वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल पर जोर सरकार ने राज्यों के लिए अतिरिक्त 48,000 किलो लीटर (4 करोड़ 80 लाख लीटर) केरोसिन जारी किया है। रसोई गैस की मांग को संतुलित करने के लिए केरोसिन और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधनों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा, गैस कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे होटल, रेस्टोरेंट और कमर्शियल संस्थानों में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाएं। वर्तमान में औद्योगिक और कमर्शियल गैस उपभोक्ताओं को उनकी औसत खपत का 80% हिस्सा दिया जा रहा है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply