एजेंसी, कानपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर में 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की 15 वृहद विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मोदी ने चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के नये भूमिगत खंड का उद्घाटन किया। इस खंड में पांच नये भूमिगत स्टेशन- चुन्नीगंज, बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट, नयागंज और कानपुर सेंट्रल शामिल हैं। कानपुर मेट्रो के इस विस्तार के साथ लाल इमली, जेड स्क्वायर मॉल, ग्रीन पार्क स्टेडियम, परेड ग्राउंड, बुक मार्केट और सोमदत्त प्लाजा जैसे महत्वपूर्ण स्थल इस मेट्रो से सीधे जुड़ जाएंगे। एक बयान के मुताबिक, वर्तमान में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-कानपुर से मोतीझील तक नौ स्टेशन परिचालन में हैं। इस नये खंड से शहर में मेट्रो से यात्रा अधिक सुविधाजनक, तेज और सुरक्षित हो जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने घाटमपुर में 660 मेगावाट की बिजली इकाई और पनकी में एक तापीय बिजली परियोजना का भी उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के लिए स्थिर तथा पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसके अलावा, पनकी ऊर्जा संयंत्र से कल्याणपुर तक दो नये रेलवे पुलों का भी उद्घाटन किया गया।
शुभम द्विवेदी के परिवार से मिलकर भावुक हुए प्रधानमंत्री मोदी, बोलें-आतंकवाद के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई
एजेंसी, कानपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपने कानपुर दौरे के दौरान पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए कारोबारी शुभम द्विवेदी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। शुभम के चचेरे भाई सौरभ द्विवेदी ने ‘न्यूज़ एजेंसी’ को बताया, ”प्रधानमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान हम बहुत भावुक थे और प्रधानमंत्री से मिलते ही परिवार के सभी सदस्य रोने लगे।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चकेरी हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद शुभम के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उनके प्रति संवेदना प्रकट की। एक सप्ताह पहले कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए यहां के निवासी शुभम द्विवेदी के परिवार से मिलने का अनुरोध किया था। सांसद ने प्रधानमंत्री से 30 मई को कानपुर दौरे के दौरान शोकाकुल परिवार से मिलने का आग्रह किया था। पिछले महीने 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। उनमें कानपुर निवासी व्यवसायी शुभम द्विवेदी (31) भी शामिल थे। शुभम की शादी इसी साल 12 फरवरी को हुई थी। शुभम का 24 अप्रैल की सुबह अंतिम संस्कार किया गया था।


