यूपी और बिहार सहित 10 राज्यों में भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, असम में बाढ़ से 33000 लोग प्रभावित

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| यूपी और बिहार समेत 10 राज्‍यों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्‍य प्रदेश, राजस्‍थान, उत्‍तर प्रदेश, बिहार और गुजरात में अगले दो दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, ब्रह्मपुत्र नदी के उफान से असम में बाढ़ की स्थिति बन गई है। इससे 33 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, 142 गांवों में पानी भर गया। पूरे असम में 1500 हेक्टेयर से ज्यादा फसल को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में रेड अलर्ट जारी किया है और गुरुवार तक असम के कई जिलों में बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। सिक्किम में भी बारिश हो रही है।

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में पिछले 24 घंटे में बारिश जारी है। चेन्नई एयरपोर्ट पर 16 सेमी बारिश दर्ज हुई। अधि कारियों ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित की। वहीं यूपी के बलिया में स्वास्थ्य विभाग ने हीटवेव की वजह से 55 लोगों की मौत से इनकार कर दिया। रविवार को जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिवाकर सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में हीट स्ट्रोक से मौत होने की जानकारी दी थी। जिन्हें अब हटा दिया गया है। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर डॉ एके सिंह ने कहा कि मरीजों को सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ और बुखार की शिकायत थी।

मौसम विभाग भोपाल ने बताया कि 19 और 20 जून को ग्वालियर ओर चंबल संभाग में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हो सकती है। गुना, अशोक नगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां में हेवी रेन का अनुमान है। टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, रीवा और सतना में भी 20-21 को तेज बारिश होगी। बिपरजॉय तूफान के कारण राजस्थान में भारी बारिश हो रही है। जयपुर मौसम केंद्र ने सोमवार को टोंक, बूंदी, कोटा, बारा, दौसा, सवाईमाधोपुर, करौली में भारी बारिश की संभावना जताई है। यहां ऑरेंज अलर्ट तो अजमेर, जयपुर भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, धौलपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, 20 जून को बिपरजॉय का असर भरतपुर, कोटा संभाग में रहेगा।

Leave a Reply