एजेंसी, दरांग| पीएम मोदी ने रविवार को असम के दरांग जिले के मंगलदोई में 6,300 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि देश के विकास में उत्तर पूर्वी राज्यों की अहम भूमिका है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भारत रत्न भूपेन हजारिका का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम आज मुझ पर टूट पड़ेगा कि मोदी फिर से रोना रोने लगा। पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने आज मुझे कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का एक बयान दिखाया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद मेरा असम का पहला दौरा है। मां कामाख्या के आशीर्वाद से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ बहुत बड़ी सफलता थी। आज मां कामाख्या की इस धरती पर आकर मुझे एक अलग ही पवित्र अनुभूति हो रही है और ये भी सोने पे सुहागा है कि आज इस क्षेत्र में जन्माष्टमी मनाई जा रही है। लाल किले से मैंने कहा था, ‘मुझे चक्रधारी मोहन याद आए।’ मुझे श्री कृष्ण याद आए और मैंने भविष्य की सुरक्षा नीति में एक सुदर्शन चक्र का विचार लोगों के सामने रखा है।”
“मैं शिव भक्त हूं, सारा जहर निगल लेता हूं”
उन्होंने भूपेन हजारिका का जिक्र करते हुए कहा, “मुझे कितनी ही गालियां दें, मैं भगवान शिव का भक्त हूं, सारा जहर निगल लेता हूं। लेकिन, जब किसी और का अपमान होता है, तो मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। आप लोग मुझे बताएं कि क्या भूपेन दा को भारत रत्न से सम्मानित करने का मेरा निर्णय सही है या गलत? क्या कांग्रेस पार्टी द्वारा उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए किया गया अपमान सही है या गलत?”
‘पाकिस्तान का झूठ, कांग्रेस का एजेंडा बन जाता है’
पीएम मोदी ने जनता को सलाह देते हुए कहा- पाकिस्तान का झूठ, कांग्रेस का एजेंडा बन जाता है। आपको कांग्रेस से बचकर रहना है। कांग्रेस घुसपैठियों की हिमायती है। कांग्रेस ने हमारे आस्था के स्थानों पर, गरीबों-आदिवासियों की जमीन पर डाका डाला है। सीएम हिमंता के नेतृत्व में असम में अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है। घुसपैठियों से जमीन मुक्त कराई गई है। आज वो जमीन वापस ली गई है। वहां किसानों के लिए परियोजना चल रही है। युवा कृषि सैनिक बनकर खेती कर रहे हैं। पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान किसानों की जमीन और पूजा स्थलों पर अतिक्रमण किए गए थे। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनने के बाद से, हमने उन गलतियों को सुधारना और अवैध दावों को हटाना शुरू कर दिया है। असम में, घुसपैठियों से लाखों एकड़ जमीन वापस ली गई है।
दरांग में बोले पीएम मोदी- भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय आतंकवादियों का साथ दे रही कांग्रेस
मंगलदई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवादियों का समर्थन कर रही है। पीएम मोदी ने असम के दारंग जिले के मंगलदई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी ताकतों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा घुसपैठियों की जमीन हड़पने और जनसांख्यिकी बदलने की उनकी साजिश को नाकाम कर देगी। मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ कांग्रेस भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पाले गए आतंकवादियों का समर्थन करती है। वह घुसपैठियों और राष्ट्रविरोधी ताकतों को संरक्षण देती है।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने दशकों तक असम पर शासन किया, लेकिन ब्रह्मपुत्र नदी पर ‘‘केवल तीन पुल’’ बनाए, जबकि भाजपा नीत सरकार ने पिछले 10 वर्षों में छह ऐसे पुल बनाए हैं। मोदी ने ‘‘अतिक्रमण की गई भूमि से घुसपैठियों को बाहर निकालने और अब इन भूखंडों पर किसानों के खेती करने संबंधी कदम’’ के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की सराहना की। प्रधानमंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में उभर रहा है और असम की विकास दर 13 प्रतिशत है। उन्होंने कहा, ‘‘ यह ‘डबल इंजन’ वाली सरकार के प्रयासों से संभव हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार असम को स्वास्थ्य के केंद्र के रूप में विकसित कर रही हैं। विकसित भारत के सपने को साकार करने में पूर्वोत्तर की बड़ी भूमिका है।’’


