माता वैष्णो देवी यात्रा पर फिर लगा ब्रेक, भारी बारिश के चलते श्राइन बोर्ड ने लिया फैसला…

जम्मू-कश्मीर देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। कटरा से माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. रविवार से शुरू होने वाली यात्रा को एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि कटरा और भवन क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते यात्रा को अगले आदेश तक रोक दिया गया है. दरअसल 26 अगस्त को भूस्खलन के बाद यात्रा रोक दी गई थी. बोर्ड और प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम पूरे करने के बाद 14 सितंबर से यात्रा को फिर से शुरू करने की घोषणा की थी. लेकिन शनिवार शाम से कटरा और आस-पास के इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. यही कारण है कि प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया. इस खबर के बाद हजारों श्रद्धालु जो यात्रा शुरू होने की उम्मीद में कटरा पहुंचे थे, निराश हो गए. कई श्रद्धालु सुबह से ही यात्रा खुलने का इंतजार कर रहे थे. हालांकि अब वे श्राइन बोर्ड के नए आदेश का इंतजार कर रहे हैं. प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु धैर्य बनाए रखें और मौसम में सुधार होने तक यात्रा की तैयारियों में जल्दबाजी न करें. कटरा शहर में इस फैसले का सीधा असर देखने को मिला है. होटलों और धर्मशालाओं में रुके श्रद्धालु अब आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यात्रा स्थगित होने से उनके कारोबार पर भी असर पड़ा है. विशेषज्ञों का मानना है कि खराब मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और हादसों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में यात्रा स्थगित करना एक सावधानी भरा कदम है. फिलहाल बोर्ड और प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं और मौसम सुधरने के बाद ही यात्रा फिर से शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा.

Leave a Reply