महाराष्ट्र चुनाव प्रचार के दौरान गोविंदा की तबीयत बिगड़ी, सीने में असहनीय दर्द के बाद रोड शो बीच में छोड़कर लौटे

बॉलीवुड मनोरंजन महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

जलगांव| अभिनेता गोविंदा शनिवार को महाराष्ट्र के जलगांव जिले में विधानसभा चुनाव के लिए महायुति के प्रचार के सिलसिले में पहुंचे। पचोरा में उनका भव्य स्वागत हुआ, जहां उन्होंने महायुति के उम्मीदवार किशोर पाटिल के समर्थन में रोड शो किया। हालांकि, रोड शो के दौरान गोविंदा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में दर्द और पैरों में भी असहनीय दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपनी यात्रा बीच में ही छोड़ दी और तुरंत मुंबई लौटने का निर्णय लिया। पूर्व सांसद गोविंदा, जिन्होंने कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने की घोषणा की थी, अब शिवसेना के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस मौके पर गोविंदा ने लोगों से महायुति उम्मीदवार किशोर पाटिल को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा, हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ खड़ा होना चाहिए और किशोर पाटिल को जीत दिलानी चाहिए।

गोविंदा ने आगे कहा, किशोर पाटिल के साथ मुख्यमंत्री शिंदे और प्रधानमंत्री मोदी हैं, जो देश की प्रगति के लिए काम कर रहे हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि किशोर पाटिल जीतें। तबीयत बिगड़ने के बाद गोविंदा ने सभा में अपनी अनुपस्थिति के लिए माफी मांगी और कहा, मैं यहां के लोगों से माफी मांगता हूं। मुझे बहुत प्यार मिला है, लेकिन मेरी तबीयत ठीक नहीं है, और मैं अब किसी जोखिम में नहीं रहना चाहता। उन्होंने यह भी कहा कि वे किशोर पाटिल की जीत के बाद इस क्षेत्र में फिर से लौटेंगे। गोविंदा ने शिवसेना और महाराष्ट्र की प्रगति पर भी बात की। शिवसेना से जुड़कर मैं राज्य के विकास के लिए काम कर रहा हूं। मुख्यमंत्री शिंदे और प्रधानमंत्री मोदी के कारण, अब पूरी दुनिया महाराष्ट्र की ओर देख रही है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव महज चार दिन दूर हैं, और चुनाव प्रचार अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी पूरी ताकत झोंक कर चुनाव प्रचार में जुटी हैं, क्योंकि दो दिन बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा।

Leave a Reply