

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में अगली सरकार चुनने के लिए बुधवार को वोटिंग हो रही है। राज्य की सभी 288 सीटों पर हो रहे इस मतदान के नतीजे शनिवार, 23 नवंबर को सामने आएंगे। लोकतंत्र के इस पर्व में बॉलीवुड के सितारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।
गोविंदा ने डाला वोट
बीते दिनों चुनावी रैली के दौरान सीने में दर्द उठने के बाद गोविंदा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत अच्छे से ठीक नहीं होने के बावजूद गोविंदा वोट डालने पहुंचे। गोविंदा से पहले उनकी वाइफ सुनीता भी वोट डालने के लिए बूथ पर पहुंची थीं। उन्होंने लोगों से वोट डालने और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की गुजारिश की थी।
श्रेया घोषाल ने वोटिंग के बाद खाई आइसक्रीम
श्रेया घोषाल ने अपने पेरेंट्स के साथ वोट डाला। श्रेया ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर बताया कि मतदान के बाद उन्होंने आइसक्रीम का मजा लिया। कैप्शन में लिखा- पहले वोट फिर आइसक्रीम। क्या आपने वोट किया? नहीं किया तो अभी जाइए और वोट करिए।
सभी लोग अपने घरों से निकलकर मतदान करें
बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार ने सुबह ही वोट डाल दिया है। ब्लैक शर्ट और ग्रे पैंट्स पहने अक्षय बहुत डैशिंग अंदाज में जुहू में वोटिंग सेंटर पर नजर आए। पोलिंग बूथ से बाहर निकलकर अक्षय कुमार ने कहा, जैसा कि मैं देख सकता हूं यहां पर सभी इंतजाम किए गए हैं। सीनियर सिटिजेंस के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा गया है। सभी लोग अपने घरों से निकलकर मतदान करें। ब्लॉकबस्टर ‘स्त्री 2’ के हीरो राजकुमार राव भी सवेरे जल्द ही वोट डालने पोलिंग सेंटर पहुंचे। अली फजल ऐसे ही कूल अवतार में ‘मिर्जापुर’ स्टार अली फजल भी वोट डालने पहुंचे। पोलिंग सेंटर से बाहर निकलते हुए अली ने अपनी उंगली पर लगा इंक मार्क भी फ्लॉन्ट किया। ब्लैक टी-शर्ट और उल्टी पहनी कैप में अली का स्वैग ही अलग था। फरहान अख्तर-जोया अख्तर एक्टर-फिल्ममेकर फरहान अख्तर ने बांद्रा के पोलिंग स्टेशन पहुंचकर अपना वोट डाला।
फरहान ने की वोटिंग की अपील
फरहान अख्तर ने वोट डालने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया और लोगों से मतदान करने की अपील की। वो उंगली पर लगे स्याही के निशान को दिखाते हुए लिखा, ‘जाइए मतदान करिए’।
‘प्लीज वोट करें…’
उर्मिला मातोंडकर ने भी वोट डालने के बाद उंगली पर इंक लगी फोटो शेयर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से वोट करने की अपील की। उन्होंने लिखा, ‘प्लीज वोट करें, अपने लिए, अपने बच्चों के लिए, अपने समाज के लिए और अपने महाराष्ट्र के लिए। जय जय महाराष्ट्र माझा।


