महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, 2 हादसों में 4 की मौत

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश सतना

सतना| चित्रकूट मार्ग पर बोलेरो और पिकअप वाहन की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। सड़क हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में मां-बेटे और नाना शामिल हैं। हादसा सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर बड़े हनुमानजी के मंदिर के पास शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे हुआ। टक्कर के बाद पिकअप वाहन पलट गया और उसमें लदा सामान सड़क पर बिखर गया। मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे ने बताया कि बोलेरो में दमोह के लोग सवार थे, जो प्रयागराज महाकुंभ से चित्रकूट होकर वापस लौट रहे थे। पिकअप वाहन में सवार लोग जबलपुर से प्रयागराज जा रहे थे। पिकअप में सवार लोगों में से ही तीन की मौके पर ही मौत हो गई।

मैहर के पास भी हादसा, एक की मौत
प्रयागराज से महाकुंभ स्नान करके वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार मैहर जिले में एनएच-30 पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए, जिनको उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में हुआ। घायलों की हालत गंभीर है, इसलिए उनके व मृतिका के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है। कार के नंबर के आधार पर पुलिस मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply