महाकुंभ में फिर लगी आग, सेक्टर 18,19 के कई टेंट जले, नोटों से भरे 2 बैग भी राख, 1.36 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय राष्ट्रीय

महाकुंभनगर। महाकुंभ नगर के सेक्टर 18 और 19 स्थित मोरी मार्ग पर लगे श्रीराम चरित मानस सेवा प्रवचन मंडल के पंडाल में शनिवार देर शाम अचानक आग लग गई, जिससे कई पंडाल, कुर्सियां और खाने का सामान जलकर राख हो गया। आशंका जताई जा रही है कि नोटों से भरा एक बैग जल गया है। इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई है। घटना की जानकारी होते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में लग गई थीं। करीब आधे घंटे बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। मेला क्षेत्र में भीड़ होने से दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल पर जाने में बहुत परेशानी हुई। किसी तरह से भीड़ को नियंत्रित कर आगजनी स्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बचाव में लगी रहीं। उल्लेखनीय है कि महाकुंभ के 34 दिन में अग्निकांड की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

महाकुंभ में आग लगी, फायर ब्रिगेड ने काबू पाया
महाकुंभ मेले में शनिवार को आग लग गई। शास्त्री ब्रिज के नीचे कई टेंट जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ी मौके पर रवाना हो गई हैं।

महाकुंभ में चौथी बार लगी आग…

19 जनवरी : सेक्टर 19 में गीता प्रेस के कैंप में आग लगी थी, हादसे में 180 कॉटेज जल गए।
30 जनवरी : सेक्टर 22 में आग लगी थी, जिसमें 15 टेंट जले थे।
7 फरवरी : सेक्टर-18 में आग लगी थी। हादसा शंकराचार्य मार्ग पर हुआ था, जिसमें 22 पंडाल जल गए।
15 फरवरी : सेक्टर 18-19 में आग लगी। इसे बुझा लिया गया है।
नोटों के बैग भी जले चश्मदीद ने बताया कि श्रीराम चरित मानस सेवा प्रवचन मंडल के शिविर में भी आग लगी। यहां से सभी लोग जा चुके थे। कुर्सी, टेंट, खाने का सामान जल गया। शिविर में नोटों के 3 बैग रखे थे, बताया जा रहा है कि एक बैग सुरक्षित रख लिया गया है। दो बैग के जलने की आशंका है।

महाकुंभ मेले से शनिवार एक लाख दंडी स्वामी संत रवाना हो गए। आज 1.36 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया वहीं 13 जनवरी से अब तक 51.47 करोड़ श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं।

महाकुंभ से एक लाख दंडी स्वामी रवाना

संगम की पावन रेती पर एक महीने से प्रवास कर रहे सनातन धर्म के संरक्षक माने जाने दंडी स्वामी संतो ने त्रयोदशी को महाकुंभ में अपना अंतिम स्नान किया और उसके बाद अपने अपने मठों की तरफ प्रस्थान कर गए। अखिल भारतीय दंडी परिषद के प्रमुख जगद्गुरु स्वामी महेशाश्रम जी बताते हैं कि माघ के महीने का कल्पवास तो माघ पूर्णिमा के साथ पुण्य की डुबकी लगाने से पूर्ण हो जाता है लेकिन कल्पवास करते समय जाने अनजाने में कभी दृष्टि पाप हो जाता है तो कभी श्रवण या स्पर्श पाप। इन सभी तरह के पाप संगम में त्रिजटा स्नान के बाद ही कटता है। फाल्गुन की त्रयोदशी को इस स्नान को करने के बाद सभी दंडी स्वामी संत महाकुंभ से अपने अपने स्थान के लिए रवाना हो गए।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने परिवार संग संगम में डुबकी लगाई

गोवा के राज्यपाल से रिपोर्टर सृष्टि मिश्रा ने बात की
गोवा के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई से रिपोर्टर सृष्टि ने बात की। उन्होंने कहा- यह भारत की आध्यात्मिक, संस्कृति और आस्था का महाकुंभ है।देश में समृद्धि, उन्नति आए और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली हो।

महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे बोले- संगम स्नान का अनुभव सभी लें
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने संगम स्नान कर कहा- एक अलग अनुभव रहा है। हमारे देश में ऐसा अनुभव हर एक हिंदू को लेना ही चाहिए। आज हमारा देश पीएम मोदी के नेतृत्व में महासत्ता बनने की दिशा में जा रहा है। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुत अच्छा आयोजन किया है। मैं हर हिंदू से आग्रह करूंगा कि सभी को ये पुण्य स्नान करना चाहिए।”

मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह महाकुंभ पहुंचे
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा- संगम आने से अंतरआत्मा में जिस प्रकार का अनुभव होता है वो अपने आप में अद्भुत है। प्रशासन की जिस प्रकार की यहां व्यवस्था है, मैं उसकी भी सराहना करना चाहता हूं। शायद विधाता को ये मंजूर था कि पीएम मोदी प्रधानमंत्री बने और फिर उनके हाथों से यह सभी शुभ काम हों।

मंत्री हरदीप सिंह पुरी पत्नी के साथ संगम पहुंचे
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अपनी पत्नी लक्ष्मी पुरी के साथ संगम स्नान करने पहुंचे। उन्होंने कहा- मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे यह अवसर मिलेगा। योगी सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। यह डबल इंजन की सरकार है और इसीलिए इतने बड़े पैमाने पर काम हो रहा है।

आज-कल संगम स्टेशन बंद, गाड़ियां 10 किमी पहले पार्क हो रहीं
आज और कल दो दिन मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री रोक दी गई है। साथ ही सभी तरह के पास भी रद्द कर दिए हैं। आज और कल दो दिन के लिए संगम रेलवे स्टेशन भी बंद रखा गया है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन भी संगम से 10–12 किमी पहले बनाई गई पार्किंग में रोके जा रहे हैं।

कांग्रेस सांसद बोले- संगम स्नान कर बहुत खुश हूं
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने संगम में डुबकी लगाई। उन्होंने कहा- संगम और महाकुंभ में पवित्र स्नान करना एक शानदार अनुभव है। मैं यहां आकर बहुत खुश हूं। लाखों लोग यहां पवित्र स्नान करते हैं। यह धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है।

अखिलेश बोले- 60 करोड़ ने महाकुंभ में स्नान किया, सरकार आंकड़ा घटाकर दिखा रही
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा- हमारा तो मानना है कि महाकुंभ में लगभग 60 करोड़ लोग स्नान कर चुके हैं। सरकार इसलिए आंकड़ा घटाकर दिखा रही है क्योंकि कल को जब इंटरनेशनल मीडिया या यूनिवर्सिटी इस मेले के व्यवस्था के बारे में स्टडी करेगा तो पाएगा कि जितने लोग आए थे, उनके हिसाब से उचित प्रशासन और प्रबंधन नहीं किया गया था। जो भाजपा सरकार की नाकामी है। इसीलिए मेला फेल हो जाने के बाद ये जानबूझकर कम गिनती दिखा रहे हैं। उन्होंने लिखा- ये मंच से मेले के बारे में चाहे कुछ बोलें लेकिन मन से ये भी जानते हैं कि मेले की असफलता के पीछे उनकी अपनी कमियां-खामियां रही हैं, जिससे देश और दुनिया में यूपी की छवि को बहुत ठेस पहुंची है। मेले के खराब इंतजाम और बीसों किलोमीटर पैदल चलने पर मजबूर होने की वजह से लाखों-करोड़ों बड़े-बुजुर्ग यहां नहीं आ पाए। महंगाई की वजह से गरीब यहां तक नहीं पहुंच पाए। और तो और प्रयागराज के लाखों स्थानीय निवासी भी जाम और मेहमानों की वजह से स्नान नहीं कर पाए। इसलिए हमारी मांग है कि मेले में व्यवस्थाओं को कुछ और दिनों के लिए बढ़ा दिया जाए जिससे जो वृद्ध, गरीब या प्रयागराज के लोग स्नान से वंचित रह गए हैं, तो उनको पुण्य कमाने का अवसर मिल सके।

Leave a Reply