मशहूर गायिका आशा भोसले का निधन

मशहूर गायिका आशा भोसले का निधन, 92 साल की उम्र में ली आखिरी सांस, देश में शोक की लहर, पीएम मोदी, अमित शाह, गडकरी, फडणवीस समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

देश/प्रदेश नई दिल्ली बॉलीवुड मनोरंजन महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

मशहूर गायिका आशा भोसले का निधन, 92 साल की उम्र में ली आखिरी सांस, देश में शोक की लहर, पीएम मोदी, अमित शाह, गडकरी, फडणवीस समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

एजेंसी, मुंबई, नई दिल्ली। बॉलीवुड की लेजेंडरी सिंगर्स में से एक आशा भोसले ने दुनिया को अलविदा कह दिया है. वो 92 साल की थीं. आशा भोसले को 11 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. अस्पताल के डॉक्टर प्रति समदानी ने कन्फर्म किया था कि सिंगर उनकी केयर भी हैं. सिंगर की पोती ने बताया था कि चेस्ट इंफेक्शन और थकान के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी है. मगर अब खबर आई है कि आशा भोसले का निधन हो गया है.आशा भोसले ने 40 के दशक में अपने करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने लेजेंडरी डायरेक्टर बिमल रॉय, राज कपूर के साथ-साथ लेजेंडरी म्यूजिक कम्पोजर ओ पी नय्यर, सरदार मलिक, सज्जाद हुसैन, एस मोहिंदर, ए आर रहमान संग काम किया था. उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर 40 और 50 के दशक की सबसे बड़ी गायिकाओं में से एक थीं. मंगेशकर परिवार से आईं आशा भी अपनी बहन की ही तरह सुरीली आवाज वाली थीं. आशा ने अपनी आवाज का जादू बॉलीवुड में 1950 के दशक में चलाया. हालांकि उन्होंने बड़ी फिल्मों में अपनी आवाज देने से पहले कई लो बजट फिल्मों में गाना गाकर पहचान पाई. 1952 में आई फिल्म ‘संगदिल’ में उन्होंने गाने गाए थे. म्यूजिक कम्पोजर सज्जाद हुसैन की इस एल्बम ने आशा को फेम दिलाया. उस जमाने के जाने माने डायरेक्टर बिमल रॉय ने 1953 में आई फिल्म ‘परिणीता’ में आशा भोसले को साइन किया था. इसके बाद राज कपूर ने उनकी अपनी 1954 की फिल्म ‘बूट पोलिश’ में काम दिया. लेजेंडरी म्यूजिक कम्पोजर ओ पी नय्यर के साथ आशा ने 1952 से लेकर 1956 तक कई गानों पर काम किया था. मगर 1957 में आई बी आर चोपड़ा की फिल्म ‘नया दौर’ के साथ आशा भोसले ने सफलता का असली स्वाद चखा. इस फिल्म के गाने भी नय्यर ने ही कम्पोज किए थे.

बॉलीवुड में आशा ने बनाई अलग पहचान

मोहम्मद रफी के साथ आशा भोसले की जोड़ी उस जमाने में सुपरहिट थी. दोनों ने मिलकर ‘मांग के साथ तुम्हारा’, ‘साथी हाथ बढ़ाना’ और ‘उड़ें जब जब जुल्फें तेरी’ को गाया था. साहिर लुधियानवी के बोल और रफी संग आशा की आवाज का जादू सभी के सिर चढ़कर बोलता था. उन्होंने 60 के दशक की फिल्म ‘गुमराह’, ‘हमराज’, ‘आदमी और इंसान’ संग कई और में अपनी आवाज दी. 1966 में उन्होंने आर डी बर्मन के साथ फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ के लिए गाने गाए थे, जिन्हें खूब सराहा गया. इसके बाद वो दौर आया जब आशा भोसले ने बॉलीवुड के हिट डांस नंबर गाने शुरू किए. कहा जाता है कि जब उन्होंने पहली बार ‘आजा आजा’ गाने को सुना था तो उन्हें लगा था कि वो वेस्टर्न म्यूजिक ट्यून पर नहीं गा पाएंगी. बर्मन ने इसे बदलने का ऑफर दिया, मगर आशा ने मना कर दिया. बाद में उन्होंने इसे एक चैलेंज की तरह लिया और 10 दिन रिहर्सल करने के बाद इसे रिकॉर्ड किया था. आज भी ये गाना लोगों की जुबान पर है. ‘आजा आजा’ के बाद आशा ने ‘ओ हसीना जुल्फों वाली’, ‘ओ मेरे सनम रे’, ‘पिया तू अब तो आजा’ और ‘ये मेरा दिल’ जैसे बढ़िया गाने गाए, जो हर पार्टी की जान बन गए थे.

गजल गायिकी ने दिलाया नेशनल अवॉर्ड

1981 में आशा भोसले ने गजल गायिकी में अपना हाथ आजमाया. उन्होंने फिल्म ‘उमराव जान’ में ‘दिल चीज क्या है’, ‘इन आंखों की मस्ती के’, ‘ये क्या जगह है दोस्तों’ और ‘जुस्तजू जिसकी थी’ जैसी गजलों को गाकर सभी का दिल खुश कर दिया था. इस फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर खय्याम थे, जिन्होंने आशा की आवाज को लो पिच पर ला दिया था. इन्हीं गजलों ने उन्हें उनका पहला नेशनल अवॉर्ड दिलवाया. इसके बाद उन्हें फिल्म ‘इजाजत’ के अपने गाने ‘मेरा कुछ सामान’ के लिए अपना दूसरा नेशनल अवॉर्ड मिला. 1995 में आशा भोसले ने 62 साल की उम्र में एक्ट्रेस उर्मिला मतोंडकर को अपनी आवाज दी. उर्मिला की फिल्म ‘रंगीला’ के गाने ‘तन्हा तन्हा’ और ‘रंगीला रे’ उन्होंने गाए. 2000 में दशक में आई ‘लगान’ के गाने ‘राधा कैसे न जले’, फिल्म ‘प्यार तूने क्या किया’ के गाने ‘कमबख्त इश्क’, फिल्म ‘लकी’ के गाने ‘लकी लिप्स’ को आशा भोसले ने ही गाया था. ये सभी गाने आगे चलकर सुपरहिट हुए.

आशा के नाम है ये रिकॉर्ड

साल 2013 में आशा भोसले ने अपना एक्टिंग डेब्यू किया था. 79 साल की आशा को फिल्म ‘माई’ में एक 65 साल की महिला के रोल में देखा गया था, जो अल्जाइमर की मरीज है. महिला को उसके बच्चे छोड़ जाते हैं. अपने काम के लिए क्रिटिक्स से आशा भोसले को तारीफ मिली थी. मई 2020 में आशा ने आशा भोसले ऑफिशियल के नाम से अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च किया था. हिंदी, बंगाली, मराठी समेत आशा भोसले ने अपने करियर में 20 भाषाओं में गाने गाए. इसके चलते उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था. जनवरी 2025 में आशा भोसले को दुबई में एक कॉन्सर्ट करते देखा गया था. 91 साल की आशा, जिन्हें प्यार से आशा ताई बुलाया जाता था, दमदार अंदाज में परफॉर्म करती दिखीं. उन्होंने इस कॉन्सर्ट में पंजाबी सिंगर करण औजला के हिट गाने ‘तौबा तौबा’ को गाया था. ये गाना विक्की कौशल की फिल्म ‘बैड न्यूज’ का था. ऐसे में विक्की के अतरंगी स्टेप्स को आशा भोसले ने भी कॉपी किया और स्टेज पर धूम मचाई थी. आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। राजनीतिक जगत की दिग्गज हस्तियों ने भी आशा भोसले के निधन पर शोक संवेदनाएं जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत तमाम नेताओं ने भी आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया है।

उनकी आवाज़ में हमेशा एक बेमिसाल चमक रही-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर आशा भोसले के साथ अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा-‘भारत की सबसे मशहूर और बहुमुखी आवाज़ों में से एक, आशा भोसले जी के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। दशकों तक चली उनकी असाधारण संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। चाहे उनकी दिल को छू लेने वाली धुनें हों या उनकी जोशीली रचनाएं, उनकी आवाज़ में हमेशा एक बेमिसाल चमक रही। उनके साथ हुई मेरी मुलाक़ातों की यादें मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा-आशा ‘ताई’ ने न केवल अपनी आवाज और प्रतिभा से एक अनूठी पहचान बनाई बल्कि अपने मधुर गीतों के माध्यम से भारतीय संगीत को और भी समृद्ध किया।

संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ-फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा-“ये पूरे भारत के लिए, विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए बहुत ही दुख की बेला है, भारत के इतिहास में उन्होंने संगीत की जो सेवा की है, मंगेशकर परिवार ने जो संगीत की सेवा की है, लता दीदी के रूप में पहले सितारा, पहला तारा लुप्त होते हुए हमने देखा, संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ है, इसका हम सबको बहुत दुख है, बाल्यावस्था से संगीत की सेवा करते-करते 92 साल की उम्र तक लगातार उन्होंने सेवा की ,अपने 90 में जन्मदिन पर 3 घंटे CONCRT करने वाली दुनिया की एकमात्र गायिका है, आखरी दम तक संगीत की सेवा उन्होंने कि, हम सभी लोग जानते हैं कि शास्त्री संगीत से लेकर पॉप, रॉक ,सभी प्रकार की संगीत उन्होंने हम लोगों को दिया, सभी प्रकार के गीत गाए, विशेषता आरडी बर्मन जी और उन्होंने संगीत को एक अलग जोन में पहुंचने का काम किया और ऐसा कोई भी ,ऐसी कोई भी भाषा नहीं है, भारत की जिसमें उन्होंने गाना ना गया हो, 12000 से ज्यादा गाने, 20 से ज्यादा भाषाओं में उन्होंने गए, इस प्रकार की एक गायइका जिनके शुरू में परमेश्वर बसते थे, उनका चला जाना, यह भारत के लिए हम सभी के लिए बहुत बड़ी हानि है, उनके परिवार के दुख में, हम सभी लोग सम्मिलित हैं।’

आशा जी का योगदान पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा-गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- भारतीय संगीत जगत की मशहूर और दिग्गज हस्ती गायिका पद्म विभूषण आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजली। उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध रहें है। उनका जाना भारत के संगीत क्षेत्र की अपरिमित क्षति है। अपनी विलक्षण प्रतिभा से आशा जी ने संगीत के क्षितिज पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। नया दौर, तीसरी मंज़िल, हरे रामा हरे कृष्णा, उमराव जान के साथ साथ इजाज़त और रंगीला जैसे वक़्त और पीढ़ियों के साथ बदलती कई मशहूर फिल्में और गीत आशा जी ने अपने स्वर से अजर अमर किए है। प्लेबैक सिंगर के रूप में भी उन्होंने कई यादगार गाने दिए। संगीत के क्षेत्र में उनका ‘स्वर’ और उनका महत्वपूर्ण योगदान पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे।

सीएम योगी ने कला-संगीत जगत की अपूरणीय क्षति बताया

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आशा भोसले के निधन को कला और संगीत जगत की अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-‘भारतीय संगीत जगत की सुर साम्राज्ञी, सुरों की महान उस्ताद, ‘पद्म विभूषण’ आशा भोसले जी का निधन बहुत दुखद है और कला की दुनिया के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उनकी बेमिसाल गायकी ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयां दीं। उनकी मीठी धुनें हमेशा देश के लोगों के दिलों में गूंजती रहेंगी। मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले, और शोकाकुल परिवार और चाहने वालों को यह बहुत बड़ा दुख सहने की शक्ति मिले। ॐ शांति!

ममता बनर्जी ने आशा भोसले को पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जानी मानी गायिका आशा भोसले के निधन पर रविवार को गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें “संगीत जगत की महान हस्ती” करार देते हुए पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। बनर्जी ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोसले के निधन से गहरा दुख हुआ है। वह एक ऐसी प्रेरणादायी और मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायिका थीं, जिन्होंने पीढ़ियों तक हमारे दिलों पर राज किया।” उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बांग्ला संगीत में भी आशा भोसले का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री ने कहा, “उन्होंने कई बांग्ला गीत भी गाए और पश्चिम बंगाल में भी वह बेहद लोकप्रिय हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें उन्हें 2018 में हमारे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंगविभूषण’ से सम्मानित करने का अवसर मिला।” बनर्जी ने भोसले के परिवार, सहयोगियों और दुनियाभर में उनके प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उद्धव ठाकरे ने भी जताया दुख

शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, “आशा भोसले जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। भारतीय संगीत जगत की एक अमर आवाज आज शांत हो गई। उनके सुरों ने कई पीढ़ियों को आनंद दिया और भावनाओं को छुआ। वे खुले व्यक्तित्व की धनी थीं। लता मंगेशकर के बाद वे संगीत जगत के एक महान युग की मजबूत स्तंभ की तरह खड़ी थीं। भारतीय संगीत क्षेत्र का यह स्तंभ आज ढह गया है। उनके गीत ही उनका अमरत्व बने रहेंगे। उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि।”

सुरों और संगीत की प्रतिम साधिका थीं श्रीमती आशा भोसले, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रख्यात गायिका श्रीमती आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमती आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे सुरों और संगीत की अप्रतिम साधिका थीं। उन्होंने गायन के क्षेत्र में असाधारण प्रतिभा प्रदर्शित की। वे अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर की तरह बहुत योग्य और दक्ष गायिका थीं। शास्त्रीय संगीत और गायन का उन्होंने गहरा अभ्यास किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आशा भोसले ने अपने गायन करियर में कई दिग्गज कलाकारों के लिए गीत गाए। जिन भी अभिनेत्रियों के लिए उन्होंने गीत गाए उनको अपने अभिनय कैरियर में अपार सफलता मिली। श्रीमती आशा भोसले को पद्म विभूषण और दादासाहेब फाल्के जैसे बड़े अवॉर्ड मिले। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में उन्हें सबसे ज्यादा गीत रिकॉर्ड करने वाली गायिका के रूप में स्थान मिला। मध्यप्रदेश सरकार ने दिया था राष्ट्रीय सम्मान : आशा भोसले ऐसी गायिका थीं जिन्हें मध्यप्रदेश शासन का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान वर्ष 1989-90 के लिए भी मिल चुका है। वे मध्यप्रदेश से बहुत लगाव रखती थीं। मध्यप्रदेशवासियों से उनका निरंतर संबंध रहा। वे यहां मंचीय प्रस्तुतियां देने के लिए आती रहीं। वर्ष 2011 में मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में वे राजधानी भोपाल आई थीं। राज्य सरकार ने उन्हें विभिन्न अवसरों पर कार्यक्रमों में आमंत्रित किया।

स्वर कोकिला श्रीमती आशा भोंसले ने अनगिनत पीढ़ियों के हृदय में स्थायी स्थान बनाया : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने संगीत जगत की अनुपम स्वर साधिका श्रीमती आशा भोंसले के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आशा भोंसले की अद्वितीय गायकी, भावपूर्ण स्वर और बहुमुखी प्रतिभा ने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई। उनकी आवाज ने अनगिनत पीढ़ियों के हृदय में स्थायी स्थान बनाया है और उनके गीत सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनका निधन केवल एक महान कलाकार का नहीं, बल्कि एक युग के अंत के समान है। संगीत जगत में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने और शोक संतप्त परिजन और असंख्य प्रशंसकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

ये भी पढ़े : धुरंधर की बॉक्स ऑफिस पर धूम के बीच संघ मुख्यालय पहुंचे रणवीर सिंह, मोहन भागवत के साथ गोपनीय बैठक ने बढ़ाई हलचल

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply