मुंबई| मशहूर गजल गायक पंकज उधास का 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी उनकी बेटी नायाब ने सोशल मीडिया पर दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वे पैंक्रियाज कैंसर से जूझ रहे थे। 10 दिन पहले सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां सोमवार सुबह 11 बजे उनका निधन हो गया। पंकज के परिवार में पत्नी फरीदा और दो बेटियां नायाब और रेवा हैं। उनकी बेटी ने ये दुखद खबर शेयर की। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनकी बेटी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर ये खबर फैंस के साथ शेयर की। पंकज उधास की बेटी नायाब उधास ने इंस्टा पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- ‘बड़े ही भारी और दुखी मन से ये बताना पड़ रहा है कि पद्मश्री पंकज उधास जी का 26 फरवरी 2024 को निधन हो गया है।
वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे।’ पंकज उधास के जाने से उनके परिवारवाले बहुत दुखी हैं। इस खबर के आते ही लोग और सेलेब्स ने कमेंट बॉक्स में उनकी आत्मा की शांति की पार्थना की। बहुत से लोगों को अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि उनके चहेते सिंगर का निधन हो चुका है। ‘चांदी जैसा रंग है तेरा’, ‘रिश्ता तेरा मेरा’, ‘ना कजरे की धार’, ‘मत कर इतना गुरूर’, ‘आदमी खिलौना है’, ‘जीए तो जीए कैसे’ जैसे सुपरहिट गाने उन्होंने गाए थे। उनकी गजलें भी दिल को छू जाती थी। 17 मई 1951 को जन्मे पंकज उधास 72 साल के थे। उन्हें 2006 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।


