ममता बनर्जी से बातचीत के लिए राज़ी हुए प्रदर्शनकारी डॉक्टर, क्या ख़त्म होगा गतिरोध?

पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राष्ट्रीय

कोलकाता| पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार दोपहर कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों से प्रदर्शनस्थल पर जाकर मुलाक़ात की, जिसके बाद डॉक्टर उनके साथ बातचीत के लिए राज़ी हो गए हैं. डॉक्टरों ने ईमेल के ज़रिए मुख्यमंत्री से कहा है कि वो उनकी मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के बीच सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार हैं. इससे पहले ममता बनर्जी ने सॉल्ट लेक में विरोध प्रदर्शन पर बैठे डॉक्टरों से जल्द काम पर लौटने की अपील की. साथ ही उन्होंने ये भी आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार बीते दिनों प्रदर्शनों में शामिल डॉक्टरों पर कोई कार्रवाई नहीं करेगी. मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से वक्त मांगा और कहा कि वो उनकी सभी मांगों पर विचार करेंगी और इस मुश्किल का समाधान ज़रूर निकालेंगी. वहीं, जूनियर डॉक्टरों ने ममता बनर्जी के साथ हुई बातचीत के बाद कहा है कि जब तक चर्चा नहीं होती, वो अपनी मांगों से पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं. शुक्रवार को ममता बनर्जी ने दावा किया था कि जूनियर डॉक्टरों की कामबंदी के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है और इस कारण 29 क़ीमती जानें चली गई हैं. गुरुवार को जूनियर डॉक्टरों के साथ बातचीत की कोशिश नाकामयाब होने के बाद शनिवार दोपहर सीएम ममता बनर्जी ने जूनियर डॉक्टरों से प्रदर्शनस्थल पर जाकर मुलाक़ात की थी. ये डॉक्टर सॉल्ट लेक में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. सीएम ने डॉक्टरों से वादा किया कि दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा.

Leave a Reply