मध्यप्रदेश : जीतू पटवारी बने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी, हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष बनाए गए

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में हार के बाद प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं चौथी बार के विधायक उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि भिंड के अटेर से विधायक हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष बनाए गए हैं। उन्होंने इस चुनाव में शिवराज सरकार में मंत्री रहे अरविंद भदौरिया को हराया था।

कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं पटवारी

नवंबर 1973 में जन्मे जीतू पटवारी पहली बार 2013 में राऊ विधानसभा से विधायक बने थे। वे प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष के साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट भी रह चुके हैं। इससे पहले वे मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे। उन्होंने 2018 में राऊ से दूसरी बार चुनाव जीता, लेकिन तीसरी बार 2023 के विधानसभा चुनाव में पटवारी को हार का सामना करना पड़ा है। वे प्रदेश में 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर उच्च शिक्षा, युवा और खेल मामलों के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

चौथी बार के विधायक हैं उमंग सिंघार : उमंग सिंघार (48 वर्ष) धार जिले के गंधवानी से चार बार जीतकर विधानसभा पहुंचे। दो बार लोकसभा प्रत्याशी रहे। कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भी रहे। झारखंड- गुजरात चुनाव में सह प्रभारी भी रहे।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के बेटे हैं हेमंत कटारे : हेमंत कटारे पूर्व नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के बेटे हैं। अटेर सीट से 2013 में विधायक बने। 2018 का चुनाव हारे। पिता अटेर सीट से 4 बार से विधायक और मप्र सरकार में गृह मंत्री रहे हैं। वे नेता प्रतिपक्ष भी रहे।

नई नियुक्तियों में जातीय संतुलन का रखा ख्याल

ओबीसी: जीतू पटवारी इंदौर के राउ से विधायक थे। जो इस बार चुनाव हार गए। पटवारी ओबीसी वर्ग से आते हैं।
आदिवासी: उमंग सिंघार धार जिले की गंधवानी सीट से विधायक हैं। वे आदिवासी वर्ग से आते हैं। उमंग सिंघार भूतपूर्व उप मुख्यमंत्री रहीं जमुना देवी के भतीजे हैं।
ब्राह्मण: हेमंत कटारे भिंड जिले के अटेर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। उनके दिवंगत पिता सत्यदेव कटारे भी नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं।

कमलनाथ ने दी बधाई : कमलनाथ ने नवनियुक्त पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे को बधाई दी।

Leave a Reply