एजेंसी, भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा ने देवास, हरदा, सागर ग्रामीण और मऊगंज जिले के लिए पार्टी की कार्यकारिणी घोषित कर दी है। बाकी जिलों के लिए भी जल्द ऐलान किया जाएगा। दरअसल, रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भोपाल पहुंचे। वे एयरपोर्ट से 74 बंगला स्थित प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के आवास पर पहुंचे। यहां करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह के साथ चर्चा की। इसके बाद एक-एक करके चार जिलों के लिए पार्टी की कार्यकारिणी का ऐलान किया। निगम-मंडलों में और संगठन में नियुक्तियों को लेकर चर्चा हेमंत खंडेलवाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बने 60 दिन हो चुके थे। लेकिन, अब तक प्रदेश कार्यकारिणी घोषित नहीं हो पाई हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की टीम के साथ ही काम कर रहे हैं। ऐसे में नई प्रदेश कार्यकारिणी और निगम-मंडल में नियुक्तियों को लेकर बीएल संतोष की चर्चा हुई। सोमवार को भी भोपाल में ही रहेंगे बीएल संतोष बीएल संतोष सोमवार को भी भोपाल में रहेंगे।
वे सीएम डॉ. मोहन यादव के अलावा बीजेपी के पदाधिकारियों और संघ पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। वे संघ कार्यालय समिधा और प्रदेश बीजेपी ऑफिस भी जा सकते हैं। विधायकों, मंत्रियों के विवादों पर भी जानकारी ली मप्र में लगातार विधायकों और प्रशासनिक अफसरों के बीच टकराव के मामलों पर भी बीएल संतोष ने प्रदेश नेतृत्व से जानकारी ली है। बता दें कि पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, भिंड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, चाचौड़ा विधायक प्रियंका मीणा सहित करीब डेढ़ दर्जन विधायकों के प्रशासनिक अफसरों से टकराव और नाराजगी के मामलों की जानकारी केन्द्रीय नेतृत्व तक पहुंची थी। एमपी के असंतुष्ट नेताओं से मिलेंगे बीएल संतोष मप्र भाजपा के विधायकों, मंत्रियों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है। प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ नेताओं की नाराजगी के बाद वे केन्द्रीय नेतृत्व खासकर बीएल संतोष से मिलने का समय मांग रहे थे। ऐसे में बीएल संतोष ने भोपाल आने का कार्यक्रम बनाया। आज उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी के साथ बैठक की है। सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे से वे विधायकों, पदाधिकारियों और जिन नेताओं ने मिलने का समय मांगा है, उनसे मुलाकात करेंगे।


