भोपाल| देश में आम चुनाव 2024 के फैसले का दिन है। मध्यप्रदेश में चार चरणों में हुए लोकसभा चुनाव के रिजल्ट आ गए हैं। एमपी के इस चुनाव में भाजपा मिशन 29 को लेकर चल रही है, वहीं कांग्रेस ने भी इस बार जोर मारा है और कई सीटों पर अप ना प्रभाव बढ़ाया है। कुछ सीटें ऐसी भी हैं जिन पर एमपी ही नहीं देश की निगाह लगी हुई है। इनमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की गुना, दिग्विजय सिंह की राजगढ़, शिवराज सिंह चौहान की विदिशा और कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ की सीट छिंदवाड़ा भी शामिल है। चुनाव आयोग ने एमपी के सभी 52 जिला मुख्यालयों पर काउंटिंग की व्यवस्था की गई है। 10.30 बजे तक आने वाले रुझानों से पता चल जाएगा कि जनता किसे चाहती है। गुना लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी चुनाव जीत गए हैं।
वीरेंद्र कुमार खटीक 4 लाख वोटों से जीते
टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री डा. वीरेंद्र कुमार खटीक चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने चार लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। विक्ट्री साइन दिखाते हुए वीरेंद्र खटीक ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जीत की बड़ी वजह बताया है।
सागर में इतिहास की सबसे बड़ी जीत
सागर लोकसभा सीट पर बीजेपी ने लता वानखेड़े ने अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। 2019 में भाजपा के राजबहादुर ने रिकार्ड बनाया था। उन्होंने 3 लाख 5 हजार वोट हासिल किए थे। यहां भाजपा प्रत्याशी लता वानखेड़े को 784953 वोट मिले हैं। जबकि कांग्रेस के चंद्रभूषण बुंदेला को 315870 वोट मिले हैं। भाजपा ने कुल 469083 वोट प्राप्त किए हैं।
दमोह में बीजेपी की रिकार्ड जीत
दमोह में भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी ने 35 साल की जीत का रिकार्ड तोड़ दिया। राहुल सिंह लोधी 389900 वोटों से आगे हैं, जबकि पूर्व दमोह सांसद और वर्तमान में पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल 3 लाख 53 हजार 411 वोटों से जीते थे। राहुल को अब 678409 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी तरवर सिंह लोधी को 288509 वोट मिले।
सीएम ने दी शिवराज, सिंधिया, वीडी और लालवानी को शुभकामनाएं, किया ट्वीट
शिवराज को कहा भाई साहब
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम मोहन यादव ने शिवराज, सिंधिया और वीडी शर्मा को प्रचंड जीत की बधाई दी है। यादव ने एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के लिए ट्वीट कर कहा है कि विदिशा लोकसबा क्षेत्र से अभूतपूर्व विजय प्राप्त करने पर भाई साहब शिवराज सिंह चौहान को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपकी यह शानदार विजय विदिशा में प्रगति के नए मार्ग प्रशस्त करेगी।
लालवानी बनाएंगे नए कीर्तिमान
मोहन यादव ने इंदौर से भाजपा के प्रत्याशी शंकर लालवानी के लिए लिखा है कि देश के सबसे स्वच्छ शहर और मालवा की शान इंदौर से लोकसबा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की 9 लाख से अधिक मतों से विजय पताका फहराने वाले शंकर लालवानी को हार्दिक बधाई। पीएम मोदीजी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में इंदौर लोकसभा क्षेत्र निश्चित ही विकास के और नए कीर्तिमान गढ़ेगा।
यादव ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को दी बधाई
मोहन यादव ने लिखा है कि गुना के दिल में विराजे ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रचंड जीत की बधाई और शुभकामनाएं। यादव ने लिखा है कि आदरणीय प्रधानमंत्रीजी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में गुना विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्ष करे, यही शुभेच्छा है।
वीडी को दी शुभाकामनाएं
मोहन यादव ने अगले ट्वीट में वीडी शर्मा को भी बधाई दी है। मोहन यादव ने लिखा है कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में प्रचंड विजय के लिए प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को हार्दिक बधाई। शुभकामनाएं. जनसेवा के माध्यम से आपने जनता का अभूतपूर्व स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया है, जो अशंख्य कार्यकर्ताओं को जनसेवा की प्रेरणा देगी।


